रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के नाथगंज मजरे हलोर गांव में बीते सोमवार की रात दबंगों द्वारा एक अधेड़ की पीट-पीटकर की गई हत्या के मामले में एक तरफ जहां पुलिस को दो आरोपियों को पकड़ने में सफलता हाथ लगी है, वहीं दो आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है। दूसरी ओर क्षेत्रीय सपा विधायक श्यामसुंदर भारती ने आज बुधवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंच मुलाकात की और शोक-संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग करी।
आपको बता दे कि, मृतक के पुत्र की तरफ से पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर चार लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा पंजीकृत कराया गया था, जिनमें पुलिस ने दो आरोपियों को पड़कर जेल भेज दिया है। वहीं दो अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
घटना महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के नाथगंज मजरे हलोर गांव की है। विगत सोमवार की रात्रि लगभग 8:30 बजे शौंच के लिए घर से निकले अधेड़ रामधनी पुत्र सत्यनारायण को रास्ते में घेर कर दबंगों ने पीट-पीट कर निर्मम हत्या कर दी थी। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने घायल को सीएचसी महराजगंज पहुंचाया था, जहां चिकित्सकों ने नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था।
किंतु पोस्टमार्टम होने के बाद जब शव गांव लाया गया तो ग्रामीण और परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था। मौकेपर उप जिलाधिकारी महराजगंज सचिन यादव व क्षेत्राधिकारी यादवेंद्र बहादुर पाल की सूझबूझ के चलते काफी मान मनौव्वल के बाद परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार करने को मान गए थे। पुलिस बल की भारी मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कराया गया था, तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली।
घटना में नाम जद चार आरोपियों की पुलिस तलाश कर ही रही थी तभी मंगलवार दिन में लगभग 1:00 बजे मदनिया नैय्या नाला पुल के पास कहीं भागने की योजना बना रहे आरोपी राम अचल पुत्र कन्हैया व रोहित पुत्र राम अचल को मौके पर ही धर दबोचा और अपने साथ थाने ले आई तथा दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
उधर हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्रीय विधायक श्याम सुंदर भारती मृतक के घर पहुंच कर परिजनों से मुलाकात की। शोक संतृप्त परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने उप जिलाधिकारी महराजगंज को फोन करके पीड़ित परिवार को जमीन, प्रधानमंत्री आवास तथा अंतोदय राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड का लाभ दिलाने की बात कही।
मामले में क्षेत्राधिकारी यादवेंद्र बहादुर पाल का कहना है कि, दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, शेष बचे आरोपी पुलिस से बच नहीं पाएंगे और उनको जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।





0 टिप्पणियाँ