⭕ मंडल रेल प्रबन्धक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की जागरूकता रैली को रवाना।
विस्तार........
रजनीकांत अवस्थी
लखनऊ: जनपद में एक जनवरी से 100 दिवसीय सघन टीबी उन्मूलन अभियान चल रहा है। इसी क्रम में शनिवार को बादशाह नगर स्थित मंडल चिकित्सालय, पूर्वोत्तर रेलवे में टीबी की रोकथाम के लिए जनजागरूकता रैली निकाली गयी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आदित्य कुमार, मंडल रेल प्रबन्धक पूर्वोत्तर रेलवे ने कहा कि, टीबी उन्मूलन को लेकर प्रधानमंत्री ने साल 2025 के अंत तक का लक्ष्य रखा है। सभी की जिम्मेदारी बनती है कि वह इस मुहिम में सहयोग करें। सभी के प्रयासों से “टीबी हारेगा और देश जीतेगा”।
आपको बता दें कि, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ0 ए0के0 सिंघल ने बताया कि, जनपद में 100 दिवसीय टीबी सघन अभियान को शुरू हुए 18 दिन हो चुके हैं। इन 18 दिनों में एचएएल, पूर्वोत्तर रेलवे स्टेशन ऐशबाग, बादशाहनगर रेलवे स्टेशन, उत्तर रेलवे सहित 109 स्थानो में विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित कर 1248 लोगों को संवेदित किया गया है।
मंडल चिकित्सालय में लोगों को टीबी रोग की जानकारी देते हुए सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाईजर अभय चन्द्र मित्रा और लोकेश कुमार वर्मा ने बताया कि, टीबी लाइलाज बीमारी नहीं है। इसकी जाँच और इलाज सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर निःशुल्क है। टीबी के लक्षण हैं–दो हफ्ते से ज्यादा खांसी आना, शाम के समय बुखार आना, लगातार वजन कम होना, रात को पसीना आना, बलगम के साथ खून आना। यदि यह लक्षण दिखें तो पास के स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जाँच और इलाज कराएं। इसके साथ ही क्षय रोगी को इलाज के दौरान निक्षय पोषण योजना के तहत हर माह 1000 की धनराशी खाते में भेजी जाती है। उन्होंने बताया कि, निक्षय मित्र योजना के तहत क्षय रोगियों को गोद लेकर टीबी उन्मूलन में भी सहयोग कर सकते हैं।
इस अवसर पर आदित्य ने सभी को टीबी मुक्त जनपद की शपथ दिलाई।
इस मौके पर मंडल चिकित्सालय के चिकित्साधीक्षक डा0 सुरेन्द्रनाथ, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, पालीक्लिनिक, ऐशबाग, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ0 विनीतागुप्ता बादशाहनगर, डॉ0 विनोद कुमार पाठक, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डा0 अयाज अहमद, मंडल चिकित्सा अधिकारी डा0 जतिंदर कुमार, सहायक मंडल चिकित अधिकारी डॉ0 प्रशांत कुमार व चिकित्सालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी तथा डॉ0 राम मनोहर आयुर्विज्ञान संस्थान के एसटीएस अरुण कुमार और टीबी एचवी सुधीर कुमार सिंह मौजूद रहे।



0 टिप्पणियाँ