सीएचसी हरचंदपुर में मानसिक स्वास्थ्य एवं तंबाकू नियंत्रण शिविर हुआ आयोजित


शिविर के सफल आयोजन के लिए एसीएमओ ने की एमओ,बीपीएम की सराहना


रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरचंदपुर में विशाल मानसिक स्वास्थ्य एवं तंबाकू नियंत्रण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें जिला स्तरीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम टीम से डॉ. प्रदीप,रिजवाना, अमित सिंह, संजय, केशव
 व तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम टीम से पूनम,संदीप वर्मा,रूपरानी ने 46 लोगों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर का उद्घाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरचंदपुर प्रभारी डॉ. एस.पी. सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया। विदित हो कि शिविर में मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने के साथ ही सीएचसी की ओर से अनवर अली, केवी सिंह द्वारा नि:शुल्क गोल्डन कार्ड बनाए गए। तंबाकू नियंत्रण टीम से पूनम,संदीप वर्मा,रूपरानी द्वारा तंबाकू का सेवन करने वाले 150 लोगों की काउंसलिंग की गई, जिन्हें तंबाकू से होने वाली हानियों के विषय में विस्तृत रूप से जानकारी देकर तंबाकू का सेवन न करने की सलाह दी गई। तंबाकू नियंत्रण टीम द्वारा की गई काउंसलिंग के बाद दर्जनों लोगों ने तंबाकू का परित्याग करने का संकल्प लिया। ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर आरती सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में 46 मानसिक रोगियों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया वहीं तंबाकू नियंत्रण टीम द्वारा 150 लोगों की काउंसलिंग की गई। श्रीमती आरती ने कहा कि ऐसे शिविरों के आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए। सीएचसी स्तर पर ऐसे शिविरों के आयोजन से मानसिक रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने के साथ ही समाज के लिए अभिशाप मानी जाने वाली तम्बाकू के सेवन लोगों को बचाया जा सकेगा। शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे एडिशनल सीएमओ डॉ.एस नारायण व जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी ने शिविर के सफल आयोजन के लिए सीएचसी अधीक्षक डॉ. एस.पी. सिंह व ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर आरती सिंह की सराहना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ