रास्ता-जाम से बचने के लिए टूटी कब्रिस्तान की दीवार : सामाजिक सद्भाव के पन्नों में होगा पहला चैप्टर

सभी को मिला 10 में पूरे 10 नम्बर --
मिर्जापुर। अल्पसंख्यकों की संस्था इंतजामिया कमेटी ने तीन दिन के भीतर वादे को निभाया और नगर के इमामबाड़ा मुहल्ले से विंध्याचल जाने वाले मार्ग पर स्थित कब्रिस्तान की दीवार को अपनी सहमति से तुड़वाकर इस मार्ग पर लगने वाले अति तकलीफ देह रास्ता-जाम की संभावनाओं को कम करने में योगदान दिया है ।
   
नगर ने सराहा--

उक्त मार्ग पर डैफोडिल्स, सेम्फोर्ड जैसे अच्छे स्कूल चलते हैं । भदोही, इलाहाबाद और वाराणसी जाने के लिए स्थित शास्त्री पुल पर भी इसी मार्ग से जाना पड़ता है । जाम लगने पर सर्वाधिक मशक्कत पुलिसजनों को करनी पड़ती रही । गर्मी में कड़ी धूप में, वर्षा में भीगते हुए तथा ठंडक में ठिठुरते हुए । इस हालात को देखते हुए कटरा कोतवाली के प्रभारी श्री रमेश यादव ने अपने लालडिग्गी चौकी इंचार्ज श्री शाहिद खां के साथ इंतजामिया कमेटी के पदाधिकारियों से बात की । राजी होने पर प्रशासन के उच्च अधिकारियों DM श्री सुशील कुमार पटेल एवं SP डॉ धर्मवीर सिंह के साथ बैठक कराई । जिसका नतीजा सकारात्मक रहा । नगर के लोग इस काम को अंजाम देने वालों को जी-भर कर सराह रहे हैं ।
10 फरवरी को वायदा पूरा हुआ और टूट गई दीवार- -
10 फरवरी को जब यह दीवार प्रशासनिक देखरेख में टूट गई तो प्रबुद्ध वर्ग ने इंतजामिया कमेटी, प्रशासनिक अधिकारियों में ADM  श्री यू पी सिंह, ASP, नगर श्री प्रकाश स्वरूप पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट श्री जगदम्बा सिंह, CO, सिटी श्री सुधीर कुमार,कटरा प्रभारी श्री रमेश यादव एवं लालडिग्गी पुलिस इंचार्ज श्री शाहिद खां एवं सामाजिक लोगों सहित सभी को 10 में पूरे 10 नम्बर इसलिए दिया क्योंकि यह लोकहितकारी प्रयास था । सामाजिक सद्भाव का यह कदम इतिहास के पन्नों में जब आने वाली पीढ़ी पढ़ेगी तो हर्षित भी होगी ।
                       -सलिल पांडेय, मिर्जापुर ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ