शिवगढ़ का महेशविलास पैलेस: बॉलीवुड का पंसदीदा शूटिंग स्पॉट।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: शिवगढ़ का महेशविलास पैलेस अपनी सुंदरता और भव्यता से एक अलग ही पहचान बना रहा है। 20वी शताब्दी के शुरुआत में बने इस पैलेस की भव्यता आज भी उसी तरह विद्यमान है। राजस्थानी स्थापत्यकला की यह बेजोड़ इमारत बॉलीवुड की ख़ास पसंद  है। कई हिंदी व भोजपुरी फिल्मों व डाक्यूमेंट्री की शूटिंग यहां हो चुकी है। आज यह बॉलीवुड का पंसदीदा शूटिंग स्पॉट बनता जा रहा है। रायबरेली शहर से महज 30 किमी दूर शिवगढ़ कस्बे में स्थापित इस पैलेस की भव्यता देखते ही बनती है।
स्थापत्यकला का बेजोड़ नमूना
शिवगढ़ का महेश विलास पैलेस राजस्थान की स्थापत्य शैली का एक बेहतरीन उदाहरण है। इसे  बीकानेर के लालगढ़ किले की डिजाइन पर बनाया गया है।पश्चिम बंगाल के गौरराजवंशी राजा बरखंडी महेश प्रताप सिंह के पूर्वज शिवगढ़ क्षेत्र में आये और अपनी राजसत्ता स्थापित की। 19वी शताब्दी में महेश प्रताप के पूर्वजों ने यहां एक महल का निर्माण कराया।
      जहां आज भी एक संस्कृत विद्यालय संचालित है। 1942 में महेश प्रताप सिंह ने महेश विलास महल का निर्माण कराया। पैलेस के विशाल बरामदे,डाइनिंग हाल और दरबार हाल आज भी उसी खूबसूरती से मौजूद हैं। 
       60 बड़े खम्बो से बना विशाल बरामदा पैलेस का विशेष आकर्षण है। इटली के सुंदर संगमरमर पत्थरों से बनी इसकी सुंदर फर्श बेहद खूबसूरत है। छतों की सुंदरता तो देखते ही बनती है। महल की सुंदर बालकनी से पूरे कस्बे को देखा जा सकता है। महल के बाहर विशाल हरा भरा लॉन लोगो को आकर्षित करता है। बुर्ज, बालकनी व सुंदर बरामदों से युक्त यह महल आज आठ दशक बाद भी उसी भव्यता से लोंगो को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
बॉलीवुड की पंसद बनता महेशविलास पैलेस
शिवगढ़ का राजमहल राजस्थान के महलों की तरह बॉलीवुड के निर्देशकों को खूब लुभा रहा है।अब तक कई फिल्मों की शूटिंग यहां हो चुकी है। बॉलीवुड की जहां बड़े बजट की फिल्में यहां फिल्माई गई है तो, वहीं भोजपुरी सहित कई टीवी धारावाहिक और डाक्यूमेंट्री की भी यहां शूटिंग की गई है।
       2017 में राजकुमार द्वारा निर्देशित व अजय देवगन अभिनीत फिल्म 'रेड' की शूटिंग शिवगढ़ के महल में की गई। जाली एलएलबी, गुड्डू रंगीला जैसी कई फिल्मों के निर्देशक सुभाष कपूर की फ़िल्म मैडम चीफ़ मिनिस्टर के भी कई महत्वपूर्ण दृश्य यहां फिल्माए गए हैं। 
      इस फ़िल्म में ऋचा चड्ढा, मानव कौल व सौरभ शुक्ला मुख्य भूमिका में हैं। इसके पहले टीवी धारावाहिक मिट्टी से शूटिंग की शुरूआत हुई जिसके बाद शक, बुलेट राजा, नेहिया सनेहिया, पति पत्नी और वो जैसी कई सफल फिल्मों की भी शूटिंग यहां की जा चुकी है। 
     शिवगढ़ के महेश विलास पैलेस में भोजपुरी फिल्मों के कई अंश और अनेक वीडियो व डाक्यूमेंट्री भी फिल्माए जा चुके हैं। अपनी भव्यता और सुंदरता की बदौलत शिवगढ़ का यह महेश विलास पैलेस काफी तेजी से फिल्मी दुनिया मे अपनी पहचान बना रहा है और आनेवाले समय में उत्तर प्रदेश में फिल्मों के निर्माण में इसकी अहम भूमिका होगी।
   

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ