सुमन की करुण गाथा सुन द्रवित हुआ प्रभात का दिल।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: पति की मौत के बाद घोर आर्थिक तंगी झेल कर फाके करने को विवश महिला व उनके तीन छोटे-छोटे बच्चों की बेबसी मीडिया में उजागर होने के बाद अब समाज के समर्थ लोगों ने उसके आंसू पोछने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य तथा महराजगंज चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू ने बड़ागांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें अपनी ओर से कपड़े, खाने पीने का सामान तथा एक हजारों रुपए नगद आर्थिक सहायता प्रदान की।
     आपको बता दें कि, श्री साहू ने पीड़िता को विश्वास दिलाया कि, उसकी मदद का सिलसिला जारी रहेगा संपूर्ण लॉक डाउन की व्यवस्था खत्म होने के बाद वह मुख्यमंत्री तक इसकी पीड़ा पहुंचाएंगे और उसे रहने के लिए आवास, विधवा पेंशन आदि की व्यवस्था कराएंगे।
     आपको यह भी बता दें कि, गांव भुआ कला बड़ागांव की रहने वाली सुमन के पति सोहन लाल की मौत 20 नवंबर 2019 को रतापुर चौराहे के पास रात लगभग 10:00 बजे सड़क दुर्घटना में हो गई थी। बताते हैं कि, मजदूर पेशा सोहनलाल साइकिल से घर वापस लौट रहा था, तभी अज्ञात बुलेरो ने टक्कर मार दी थी। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी।
    सुमन के परिवार में पति के अलावा उस समय एक 5 साल की बेटी और 2 साल का बेटा था। वहीं दुर्घटना के समय सुमन गर्भवती थी जिससे उसे इस समय 1 माह का एक बेटा और भी है। ना तो उसके पास रहने के लिए आवास है और ना एक बिस्वा जमीन। ले देकर सोहनलाल जो मजदूरी करके लाता था, उसी से परिवार चलता था। पति की मौत  के बाद सुमन बेसहारा हो गई और हालत यह हो गई, जो कई कई दिनों तक पूरा परिवार भूखा रहने लगा। इस बात की सूचना जब मीडिया द्वारा उजागर हो गई, तो प्रभात साहू का हृदय द्रवित हो गया। आज वह अपने सहयोगियों के साथ गांव पहुंचे और वहां सुमन की करुण गाथा सुनकर श्री साहू का दिल भर आया।
      उन्होंने फौरी तौर पर 20 किलो गेहूं, 20 किलो चावल, 10 किलो आटा, दो साड़ी और एक हजार रुपए नगद प्रदान कर उसे सांत्वना दी, तथा भरोसा दिलाया कि, लाक डाउन खत्म होने के बाद वह सुमन की समस्या जनपद स्तरीय अधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलकर बताएंगे और उसे शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ शीघ्रातिशीघ्र दिलाए जाने का काम करेंगे।
     इस मौके पर हिमांशु साहू, धर्मेंद्र वर्मा, शुभम साहू, राधा रमण त्रिपाठी सहित गांव के सुजीत मिश्रा मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ