राजकीय बीज भंडार पर लटका ताला, क्षेत्र के किसानों में आक्रोश।। Raebareli news ।।

बीके शुक्ला वरिष्ठ पत्रकार
शिवगढ़/रायबरेली: धान का बीज लेने गए किसानों ने राजकीय बीज भंडार पर ताला लटकता देख जमकर प्रदर्शन किया। राजकीय बीज भंडार पर 11:30 तक कोई भी अधिकारी कर्मचारी नहीं आए थे, यहां ताला लटक रहा था।
    आपको बता दें कि, सरकार ने भी किसानों के लिए दुकानें खोल रखी हैं। किंतु सरकारी विभाग से संबंधित राजकीय कृषि बीज भंडार पर ही ताला लटक रहा है। यहां के किसानों का कहना है कि, यह आलम आये दिन का है। क्षेत्र के किसानों को यहां की इस समस्या से आए दिन जूझना पड़ता है। 
    मसापुर के किसान अखिलेश पाठक, जगन्नाथपुर से सीताराम, सीवन से राजाराम, भौसी से दयाशंकर, बदावर से राजेश्वरी, कसना से रूद्र प्रताप सिंह, जगन्नाथपुर से रामकुमार, गंगा खेड़ा से देशराज, जगन्नाथपुर रामदयाल, बरजोरखेड़ा से कैलाश गौतम, रायपुर से राजेश कुमार, बरजोरखेड़ा से महेश कुमार सहित सभी किसानों का आरोप है कि, विगत कई दिनों से लगातार लौट रहे हैं। सोमवार को सुबह 10:00 बजे से 11:30 बजे तक लगातार इंतजार कर रहे हैं। किंतु अभी तक कोई ताला खोलने तक नहीं आया। 
    शासन की उदासीनता के चलते किसानों को किसी भी प्रकार का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं शिवगढ़ कस्बा के किसान बसंत लाल जायसवाल ने बताया कि, ढैंचा का बीज लेना था, किंतु ताला लटक रहा है, समय पर किसानों को बीज आदि नही मिलेगा, तो क्या फायदा।
     बदावर की राजेश्वरी का कहना है कि, धान का बीज लेना है, किसान सम्मान निधि की समस्याएं भी बतानी थी, किंतु ताला नहीं खुल रहा है, ऐसे में किससे कहे, यहां मौजूद सभी आक्रोशित किसानों का आरोप है कि, किसान सम्मान निधि में 2 वर्षों से एक भी फूटी कौड़ी नहीं मिली है। जिसकी समस्या लगातार यहां पर अवगत कराने के बाद भी कोई लाभ नहीं मिल रहा है। सोमवार को भी सुबह से हम लोग यहां प्रतीक्षा कर रहे हैं, किंतु अभी तक ताला नहीं खुला। इससे विभाग की उदासीनता साफ झलक रही है।
      राजकीय कृषि बीज भंडार प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि, कंप्यूटर ऑपरेटर आता ही नहीं है। उन्हे ही खोलना पड़ता है। 10:00 बजे खुलने का समय है। आज विलंब हो गया। वहीं जिला कृषि अधिकारी रवि चंद्र प्रकाश ने बताया कि, यदि स्टोर पर ताला लटका हुआ था,  तो यह गंभीर विषय है। जांच कर उन पर कार्यवाही की जाएगी। कंप्यूटर ऑपरेटर के ना आने पर कहा कि, वह डिप्टी डायरेक्टर के स्तर का मामला है उन्हीं के द्वारा किया जाएगा। किसानों को किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं होने दी जाएगी। 
     कृषि उपनिदेशक एचएन सिंह ने बताया कि, 10:00 बजे स्टोर खुलना चाहिए। यदि स्टोर पर ताला लटक रहा था, तो जांच कर कार्यवाही की जाएगी और कंप्यूटर ऑपरेटर नहीं है, तो उसकी अभिलंब व्यवस्था की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ