जेष्ठ माह के प्रथम बड़े मंगलवार को हनुमान मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए दिखे इक्का-दुक्का लोग।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: जेष्ठ माह के पहले बड़े मंगलवार को क्षेत्र के सभी हनुमान मंदिरों पर बहुत ही सादगी के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए लोगों ने प्रतीकात्मक ढंग से हनुमान जी की पूजा अर्चना की। इस दौरान न तो कहीं कोई भीड़ एकत्र हुई और ना ही कोई शोर शराबा हुआ।
     आपको बता दें कि, क्षेत्र के हनुमानगढ़ी स्थित श्री हनुमान मंदिर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सेवा प्रमुख रमेश अवस्थी एवं पूर्व जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी लक्ष्मी शंकर श्रीवास्तव ने मंदिर के बाहर बैठकर पूजा अर्चना की। पुजारी ने हनुमान जी की  प्रतीकात्मक ढंग से श्रंगार पूजा की। इसके अतिरिक्त बावन बुजुर्ग बल्ला गांव में राणा  बेनी माधव सिंह द्वारा बनवाए गए प्राचीन महावीरन मंदिर में ग्राम प्रधान बल्ला प्रतिनिधि राम केतार मौर्या और गांव के ही समाजसेवी रामेंद्र अवस्थी ने श्री हनुमान चालीसा का पाठ करके हनुमंत लला की पूजा की।
     इसके अलावा क्षेत्र में दर्जनों स्थानों पर हनुमान जी की पूजा अर्चना मात्र 1 या 2 लोगों द्वारा ही मंदिरों में जाकर सांकेतिक पूजा की गई। कोरोनावायरस के प्रकोप से बचाव के लिए सरकार द्वारा लागू संपूर्ण लाक डाउन के चलते मंदिरों में ना तो भीड़ भाड़ दिखी और ना ही कहीं शरबत वितरण या प्रसाद वितरण का कार्यक्रम दिखा।
    विदित हो कि, महराजगंज सहित पूरे ग्रामीण अंचल में बड़ा मंगल का कार्यक्रम हर साल बहुत ही धूमधाम और उत्साह पूर्वक मनाया जाता रहा है। लगभग 200 स्थानों पर हनुमान श्रृंगार पूजा करके कहीं पर पुआ खीर तो कहीं शरबत तो कहीं चना कहीं छोला पूडी तो कहीं हलवा पूडी का वितरण किया जाता रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ