चार पहिया और दोपहिया पर सवार आए डेढ़ दर्जन गुंडों ने कोटेदार पुत्र और उसके साथी को पीटा।। Raebareli news ।।

दिनदहाड़े हुई वारदात से क्षेत्र में फैली दहशत
कोतवाल अरुण सिंह ने कहा मामले की एफ आई आर दर्ज कर ली है हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करेंगे।
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के धूंगा मठ चौराहे के पास बैठे कोटेदार पहरे मऊ के पुत्र व उसके साथी को लग्जरी वाहनों पर सवार होकर आए युवकों ने लाठी-डंडों से जमकर पीटा और पिटाई करने के बाद हमलावर वाहनों पर सवार होकर भाग निकले हैं। मामले को लेकर कई प्रकार की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि, रंगदारी मांगने के चक्कर में कोटेदार पुत्र की पिटाई हुई है।
      आपको बता दें कि, घटना आज दोपहर लगभग 1:00 बजे की है। पहरेमऊ के कोटेदार शिवकुमार सोनकर का लड़का संदीप सोनकर अपने साथी मुकेश कुमार के साथ बैठा हुआ था। तभी अमावा रोड की तरफ से सफारी और स्विफ्ट डिजायर वाहनों तथा  तीन चार दोपहिया वाहनों पर सवार लगभग डेढ़ दर्जन हमलावर मौके पर पहुंचे और संदीप को मारना पीटना शुरू कर दिया। उसे बचाने की कोशिश में उसका साथी मुकेश भी हमलावरों के क्रोध का शिकार बना।
     लड़कों के चिल्लाने पर हमलावर वाहनों पर सवार होकर भाग निकले। वहीं गंभीर रूप से घायल दोनों चोटिलों को सीएचसी महराजगंज लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
     मामले में घायल संदीप कुमार की ओर से मुकेश यादव निवासी पूरे ठकुराइन मजरे पिंडारी कला व अभय यादव पुत्र राकेश यादव निवासी उपर्युक्त तथा दस बारह अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। मामले के पीछे क्षेत्र में अलग-अलग चर्चाएं हैं।
     यह भी जानकारी मिली है कि, क्षेत्र के इस चर्चित गैंग के द्वारा संदीप कुमार से रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी ना मिलने पर पिटाई कराई गई है। मामले में कोतवाल अरुण कुमार सिंह का कहना है कि, मिली तहरीर के आधार पर अभियुक्तों के खिलाफ धारा 147, 323, 504, 506 आईपीसी व दलित उत्पीड़न निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ