बुझ गया घर का इकलौता चिराग।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी
शिवगढ/शिवगढ़: शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गंज मजरे तौली में संदिग्ध परिस्थितियों में एक किशोर का शव छत के हुक से साड़ी के फंदे से झूलता मिलने से हडकम्प मच गया। खिड़की से भाई को फंदे पर लटका देख बहन चीख पड़ी, जिसकी चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठे हो गये और  पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
     आपको बता दें कि, घटना शुक्रवार देर शाम शिवगढ़ थाना क्षेत्र की है। मृतक रामकरण 17 की छोटी बहन सुनीता ने भाई की लाश कमरे में फांसी के फंदे पर झूलती देख शोर मचाया इकट्ठे लोगों ने देखा कि, अंदर से दोनों दरवाजे बंद हैं l किसी तरह खिड़की से कूदकर कमरे में पहुंची सुनीता ने दरवाजा खोला। तब कहीं लाश को फंदे से नीचे उतारा गया। घटना के समय उसकी माँ शिवकली बकरी चराने गयी थी। जहां से लौटने के बाद इकलौते बेटे की लाश देख चीख पड़ी। जिसकी करुण चीख से समूचा गांव कराह उठा।
      सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया है। मृतक अपने माँ बाप का इकलौता बेटा था, जो मुंबई में अपने पिता के साथ रहकर अपना काम करता था। अभी 21 मार्च को ही वह अकेला वहाँ से आया था, जिसे सलेथू के क्वारंटाइन सेंटर में 14 दिनों तक रखा गया था। जो मनरेगा में मजदूरी करके किसी तरह अपनी मां और बहन का पेट पाल रहा था।
        मृतक की माँ शिवकली ने बताया कि, दिन में उसने पाँच सौ रुपये मांगे और गाँव में ही स्थित एक दुकान पर साईकिल बनवाने चला गया, जहां से लौटा तो सीधे अपने कमरे में चला गया, और वो बकरी चराने चली गयी। बेटी सुनीता ही घर पर थी, कुछ देर बाद सुनीता उसके कमरे में गयी तो भाई को साड़ी से लटका पाया। उसने फांसी क्यों लगायी यह रहस्य बना हुआ है। लोग दबी जुबान य़ह चर्चा कर रहे हैं कि, एक दुकानदार ने उससे पुराना कर्जा माँगा था, न देने पर बेइज्जत भी कर दिया था। वज़ह कुछ भी हो राजकुमार और शिवकली के घर का इकलौता बेटा था जिसके घर का चिराग हमेशा के लिये बुझ गया। जिससे सभी दुखी हैं।
      इस बाबत थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि, सूचना पर लाश को पीएम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद परिजनों ने तहरीर देने की बात कही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ