महराजगंज/रायबरेली: विगत शनिवार की रात कोतवाली क्षेत्र के कपूरपुर मजरे जमुरावा में छात्र संजय उर्फ शिवानंद यादव की बेरहमी से गला काटकर की गई हत्या के मामले में परिजनों और समर्थकों ने अधिकारियों के समझाने बुझाने पर आज पूर्वान्ह मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से आज भी गांव में बड़ी तादाद में पुलिस बल तैनात किया गया है।
हालांकि मृतक के पिता ने हत्या के मामले में गांव के ही आशीष सिंह व उसके रिश्तेदार लवलेस सिंह निवासी जिहवा के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने जहां शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, वहीं ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए हत्या में प्रयुक्त की गई बोलेरो जीप भी कब्जे में ले ली थी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर ही रही थी कि, शाम को परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव को वापस लेकर लौटे, तो अचानक सियासत भी गरमा गई। परिजनों ने शव को अंतिम संस्कार ना करके गांव में सड़क पर रखकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर एसडीएम विनय कुमार सिंह व सीऔ राघवेंद्र चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंच गए, साथ ही आस-पास के थानों शिवगढ़, बछरावां, हरचंदपुर की पुलिस के साथ साथ पीएसी भी बुलाई गई थी। अधिकारियों नें परिजनों को काफी समझाया बुझाया लेकिन परिजन संजय उर्फ शिवानंद के दोनों भाइयों के नाम सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस और दोनों अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े हुए थे। अधिकारियों द्वारा यह बताने पर कि, मुजरिमोंं को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
शस्त्र लाइसेंस के मामले में अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि, वह आवेदन पत्र प्रक्रिया शुरू करें तहसील स्तर से समुंचित कार्रवाई कर उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया जाएगा। लेकिन परिजन अंतिम संस्कार न करने की बात पर अड़े रहे। फिर रात हो जाने की वजह से अंतिम संस्कार नहीं हो पाया। पूरी रात पुलिस बल गांव में बना रहा। सोमवार को तडके सीओ राघवेंद्र चतुर्वेदी और कोतवाल अरुण कुमार सिंह के मौके पर पहुंचकर पुनः समझाने बुझाने पर परिजनों ने अपनी पुश्तैनी बाग में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली।
फिलहाल गांव में पीएसी सहित बड़ी तादाद में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। ताकि कोई अप्रिय घटना ना घटे।





0 टिप्पणियाँ