रजनीकांत अवस्थी
गोरखपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अगस्त को अयोध्या में राममंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन करेंगे। भूमि पूजन के समय देशभर के तीर्थ स्थलों की मिट्टी राम मंदिर की नींव में पड़ेगी। बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल कार्यकर्ताओं का एक दल पवित्र मिट्टी और धूनी लेकर रवाना हुआ।
आपको बता दें कि, गोरखनाथ मंदिर प्रबंधन के सचिव द्वारिका तिवारी ने विहिप कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्य मंदिर में पूजन अर्चन के बाद उन्हें मिट्टी और धूनी सौपी। इसके पहले विहिप कार्यकर्ताओं ने अपने महानगर कार्यालय से गोरखनाथ मंदिर तक भगवान श्री राम की झांकी निकाली। इस दौरान कार्यकर्ता मास्क और फेस शिल्ड लगाए थे। फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए आगे बढ़ रहे थे।
गोरखनाथ मंदिर में द्वारका तिवारी ने झांकी का स्वागत किया। उन्होंने मंदिर की कुछ मिट्टी और अखंड धूनी ताम्र कलश में रखकर गोरक्षनाथ भगवान का पूजन कराकर विहिप पदाधिकारियों को सौंपी।
इस मौके पर द्वारिका तिवारी ने कहां कि, यह सौभाग्य का अवसर है कि, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया और गोरखनाथ मंदिर की मिट्टी वहां जा रही है। उन्होंने बताया कि, गोरक्ष पीठ का जुड़ाव हमेशा राम मंदिर आंदोलन से रहा है।
वहीं बजरंग दल के सहप्रात संयोजक दुर्गेश त्रिपाठी ने कहा कि, यह सौभाग्य का विषय है की विहिप कार्यकर्ताओं को गोरक्षधाम की मिट्टी अयोध्या ले जाने का मौका मिला है। सदियों से गोरक्षपीठ का नाता राम मंदिर आंदोलन से रहा है। इससे भी महत्वपूर्ण है कि, आज गोरक्ष पीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने विश्व के सामने अयोध्या को एक अद्भुत और आदित्तीय रूप में निखारने का प्रण लिया है। उनके गुरु ब्रह्मलीन गोरक्ष पीठाधीश्वर महंत अवैद्यनाथ का सपना साकार हो रहा है। उनकी आंखों में राम मंदिर बसता था जिस का भूमि पूजन आगामी 5 अगस्त को होना है।
उन्होंने कहा कि, सनातन धर्म शास्त्र के अनुसार किसी भी धार्मिक आयोजन में धरती मां का आशीर्वाद जरूरी है। इसी क्रम में देश की सभी नदियों से जल व तीर्थों से मिट्टी लेकर राम मंदिर की नींव में डाली जाएगी। राम मंदिर के जरिए संपूर्ण भारत की एक एकात्मकता का संदेश भी पूरे विश्व में जाएगा। इस दृष्टि से भी मंदिर निर्माण में पूरे राष्ट्र की सहभागिता सुनिश्चित करने का अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रांत समन्वय प्रमुख विश्व प्रताप सिंह, महानगर संयोजक अशोक गुप्ता, अनुराग खेमका, मुकेश दुआ, शुभम सिंह, संजय श्रीवास्तव, गौरव राय और रामानंद मौजूद रहे। अगुवाई विश्व हिंदू परिषद के युवा शाखा बजरंग दल के सह प्रांत संयोजक दुर्गेश त्रिपाठी, विहिप के विभाग संगठन मंत्री अमरजीत दीप, महानगर अध्यक्ष विजय खेमका और वित्त मंत्री मुकुंद्र शुक्ल ने किया।

0 टिप्पणियाँ