रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: भारत की आजादी में कांग्रेस के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। भारत की आजादी कांग्रेस के नेतृत्व में एक 100 साल से अधिक चले संघर्ष का नतीजा था कि, अंग्रेजों को भारत छोड़कर भागना पड़ा। आजादी की लड़ाई में लाखों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने जीवन का बहुमूल्य समय समर्पित कर दिया था। सैकड़ों लोगों ने अपने प्राणों की आहुति भी दे दी थी, तब जाकर देश को स्वाधीनता मिली। आजादी की लड़ाई में नेहरू गांधी परिवार की त्याग तपस्या बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। आज हमको संकल्प लेना है कि, हमारी आजादी हमेशा बरकरार रहे और हम एक सच्चे देश के नागरिक के रूप में देश की एकता अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग करने के लिए तैयार रहें। उक्त उद्गार वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ चुके पूर्व प्रत्याशी मनोज कसेरा ने कांग्रेस कार्यालय महराजगंज में ध्वजारोहण के उपरांत समस्त लोगों के समक्ष व्यक्त किए हैं।
आपको बता दें कि, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने संबोधन के दौरान श्री कसेरा ने कहा कि, कांग्रेस में शुरू से ही गुलामी के खिलाफ देश में वातावरण बनाकर जनता को जागृत किया। कांग्रेसियों ने स्वतंत्रता के लिए कई आंदोलन चलाए। लोगों ने लाठियां गोलियां खाई। वर्षों वर्ष लोग जेलों में रहे। मोतीलाल नेहरू से लेकर जवाहरलाल नेहरू तक ने संसार की तमाम सुख-सुविधा वाली जिंदगी, त्याग कर आम नागरिक की तरह स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन का नेतृत्व किया।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के त्याग और तपस्या का परिणाम रहा कि, अंग्रेज देश छोड़कर भागने पर विवश हुए। इसके अलावा पटेल, चंद्रशेखर आजाद, राम प्रसाद बिस्मिल, लाला लाजपत राय, लोकमान्य तिलक जैसे हजारों हजार मनीषियों ने उच्च शिक्षा ग्रहण करने के बावजूद अपना पूरा जीवन राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए लगा दिया। जिसके बल पर देश आजाद हुआ और आज हम आजादी का 74वें वर्ष में जश्न मना रहे हैं।
श्री कसेरा ने यह भी कहा कि, आजादी के बाद देश ने जो अब तक विकास किया है। वह कांग्रेस की ही देन है। प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री से लेकर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी तक ने देश के लिए अपना सर्वस्व निछावर कर दिया। इंदिरा जी और राजीव जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। वर्तमान समय में सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पूरे ताकत के साथ राष्ट्र की सेवा में संलग्न है।
उन्होंने इस बात पर अफसोस जताया कि, कुछ लोग जिन्हें अंग्रेजों की चापलूसी करने के लिए जाना जाता था, वह लोग फर्जी बयानबाजी करके आज देश की सत्ता पर काबिज होकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। किंतु उन्हें यह नहीं पता कि, कांग्रेस ना होती, तो देश आजाद नही हुआ होता। उन्होंने पार्टी जनों से आग्रह किया कि, सभी लोग अनुशासित ढंग से ईमानदारी से मेहनत करके कांग्रेश के संगठन को मजबूत कर सोनिया जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचावें।इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष कृपाशंकर शर्मा, दिनेश मिश्रा, इरशाद आलम, अमर बहादुर सिंह, दिनेश मिश्रा, जैनुलाब्दीन उर्फ लाला मनिहार, अंकुर जायसवाल, राहुल सिंह, रामचंद्र सिंह, राजकुमार मौर्य, कन्हैया लाल, हनुमान जयसवाल आदि लोग मौजूद रहे।



0 टिप्पणियाँ