हजारों लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगा दानेश्वर मंदिर धाम का सरोवर।। Raebareli news ।।

 

नगर सहित आसपास क्षेत्र के भक्त और श्रद्धालु प्रभात साहू की कर रहे जय जयकार

रजनीकांता अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: कस्बे के सुप्रसिद्ध दानेश्वर मंदिर धाम से सटे सरोवर के चमकने के दिन आ गए हैं। प्रदेश सरकार के नगर विकास विभाग द्वारा इस सरोवर के सुंदरीकरण के लिए 20 लाख रुपए की रकम जारी कर दी गई है, और चेयरमैन प्रतिनिधि तथा जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू की अगुवाई में दर्जनों मजदूर तालाब की सुंदरता बढ़ाने के लिए कामकाज में जुट गए हैं। तालाब के चारों ओर मिट्टी भराई का काम युद्ध स्तर पर चल ही रहा है। साथ ही वर्षों से जलकुंभी से पटे तालाब में से जलकुंभी निकालने का काम भी युद्ध स्तर पर चल रहा है।

     आपको बता दें कि, 19वीं शताब्दी में चंदापुर रियासत के राजाओं द्वारा स्थापित इस भव्य मंदिर की चर्चा दूर दूर तक होती रही है। इस शिवालय में स्थापित शिवलिंग को प्राचीनतम शिवलिंगों में से एक माना जाता है। काशी के विद्वान पंडितों की देखरेख में दानेश्वर मंदिर में शिवलिंग को लाकर प्राण प्रतिष्ठा की गई थी, और इस मंदिर के बारे में मान्यता है कि, जो भी व्यक्ति सच्चे मन से दानेश्वर बाबा की आराधना करता है और जो मन्नत मांगता है, वह पूरी हो जाती है। लेकिन बाद में देखरेख के अभाव में मंदिर जीर्ण शीर्ण होने लगा।

   चंदापुर रियासत के राजा द्वारा बनवाए गए मंदिर से सटे 4 एकड़ के सरोवर की हालत भी खराब हो गई, और जलकुंभी से पूरा सरोवर फट गया। कस्बे और आसपास के हजारों भक्तों श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए प्रभात साहू ने पहली बार अपनी पत्नी सरला साहू के चेयरमैन चुने जाने के बाद उन्होंने पूरा जोर लगाया, तथा तत्कालीन प्रदेश सरकार से संपर्क कर दानेश्वर मंदिर और इसके पास में ही स्थित श्री बजरंगबली के मंदिर का कायाकल्प करवा लिया था।

     लेकिन सरोवर का पुनर्निर्माण धन की कमी के चलते नहीं हो पाया था, किंतु भाजपा सरकार आने के बाद श्री साहू ने जबरदस्त पैरवी की और धनेश्वर मंदिर धाम के इस पवित्र एवं विशाल सरोवर का पुनरुद्धार करवाने का बीड़ा उठाया, और इसमें उनको सफलता भी मिल गई। जबकि प्रदेश के नगर विकास मंत्री द्वारा पहली किस्त के रूप में 20 लाख रुपए आवंटित करते हुए कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

    प्रभात साहू के अथक प्रयासों से तत्काल ही टेंडर आदि कराकर युद्ध स्तर पर काम शुरू करा दिया गया है। श्री साहू रोजाना 4 से 5 घंटे चल रहे युद्ध स्तर पर कार्य को देखने में अपना समय लगाते हैं। हमारे इस संवाददाता से श्री साहू ने कहा कि, पूरी तरह से सरोवर को स्वच्छ और निर्मल जलयुक्त बनाकर चारों ओर इंटरलॉकिंग करा कर स्टील की रेलिंग लगवा कर भव्यता प्रदान की जाएगी, साथ ही मंदिर में आने वाले भक्तों श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए नौका विहार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

     श्री साहू का कहना है कि, प्रदेश के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन अक्सर फोन पर उनसे वार्ता कर कार्य प्रगति के बारे में जानकारी लेते रहते हैं। बकौल प्रभात साहू नगर विकास मंत्री ने उनके आग्रह पर इस स्थल का दौरा कर दानेश्वर मंदिर में दर्शन करने की इच्छा भी जताई है। प्रभात साहू के इस कार्य से क्षेत्र के हजारों लोग काफी गदगद हैं।

    अब आपको यहां यही बताना जरूरी हो गया है कि, प्रभात साहू द्वारा पूरा कस्बा महराजगंज चमका दिया गया है। नगर में कोई सड़क ऐसी नहीं है, जहां कच्चा गलियारा हो, सभी प्रमुख स्थानों पर अच्छी किस्म की सोलर लाइटें लगवा कर रोशनी के लिए बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा गोवंश पशुओं के संरक्षण के लिए उनके द्वारा कान्हा पशु आश्रय स्थल का निर्माण भी कराया गया है। जिसमें सैकड़ों पशु रखे गए हैं, और उन्हें उत्तम किस्म का चारा प्रदान कराया जा रहा है।

    प्रभात साहू ने कस्बे की सीमा विस्तार के लिए अथक परिश्रम किया। जिसका परिणाम है कि, हनुमानगढ़ी से लेकर सुखाई का पुरवा, रानी का पुरवा, घेरा आदि गांव के साथ-साथ राजकीय महिला चिकित्सालय भी महराजगंज नगर पंचायत की सीमा में आ चुका है। कस्बे और आसपास के हजारों लोग प्रभात साहू की जमकर वाहवाही कर रहे हैं।

    लोगों का कहना है कि, यह जिले का दुर्भाग्य ही था, कि जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर चुनाव लड़ने के बावजूद कुछ लोगों की धोखाधड़ी के चलते प्रभात साहू जिला पंचायत अध्यक्ष नहीं बन सके, अन्यथा जिस प्रकार महराजगंज नगर पंचायत चमक रही है, उसी प्रकार पूरा जनपद भी चमक रहा होता। कुछ भी हो प्रभात साहू की प्रतिभा का लोहा मानने के लिए उनके विरोधी भी मजबूर हो जाते हैं।

   इस मौके पर अधिशासी अधिकारी डॉक्टर राजेश कुमार, वरिष्ठ लिपिक रामचंद्र त्यागी, जमुना प्रसाद, वार्ड नंबर 1 सभासद प्रतिनिधि सतीश कुशमेश, वार्ड नंबर 2 सभासद विजय कुमार, वार्ड नंबर 3 सभासद प्रतिनिधि रवितोष त्रिपाठी, वार्ड नंबर 4 सभासद रामकुमार, वार्ड नंबर पांच सभासद प्रतिनिधि कौसर कुरेशी, वार्ड नंबर 6 सभासद श्याम लाल साहू, वार्ड नंबर 7 सभासद फिरोज अहमद, वार्ड नंबर 8  सभासद अंकुर गुप्ता, वार्ड नंबर 9 सभासद प्रतिनिधि विनीत वैस्य,  वार्ड नंबर 10 सभासद नुरुल हसन, भारत लाल, चंद्रकेश मौर्य राजकुमार आदि उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ