नाले में बंधी लगाने का विरोध करने पर दबंगों ने दो महिलाओं को पीटा मुकदमा दर्ज।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: खेतों में धान पीट रही 2 महिलाओं को दबंगों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। मामले में तहरीर मिलने पर पुलिस ने 4 दबंगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।

     आपको बता दें कि, पुलिस को दी गई तहरीर में कोतवाली क्षेत्र के गांव पुरे छत्ता मजरे पहाड़पुर के रहने वाले शिव पलटन पुत्र राम बक्स ने आरोप लगाया है कि, उसकी पत्नी और बहन खेतों में धान की फसल पीटने गई थी। कुछ देर बाद वहां कोड़री मजरे ओनई जंगल के रहने वाले छत्रपाल पुत्र किरशन, सुनील कुमार पुत्र छत्रपाल, श्रवण कुमार पुत्र कालीचरण तथा छत्रपाल की पत्नी राजकुमारी खेत के बगल से बहने वाले नाले में मछलियां पकड़ने पहुंच गए। चारों लोगों ने नाले में बंधी बांधकर मछलियां पकड़ना शुरू किया। इस पर उसकी पत्नी और बहन ने बंधी बांधने से पानी खेत में भरने पर बंधी काट दी।

     चारों अभियुक्तों ने इसी बात को लेकर उसकी पत्नी और बहन को लाठियों से मारना शुरू किया। वह चिल्लाई तो आसपास के लोग दौड़े। आरोप है कि, चारों अभियुक्त गाली गलौज करते हुए रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। दोनों महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं।

     पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर चारों अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। कोतवाल श्रीराम का कहना है कि, मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छानबीन कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ