रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: लखनऊ इलाहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बछरावां थाना क्षेत्र में कुंदनगंज के पास संचालित रिलायंस फैक्ट्री के सामने खड़े बेतरतीब ट्रक आए दिन दुर्घटना का सबब बनते हैं। अब तक सैकड़ों लोग इन ट्रकों की चपेट में आकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। कइयों की तो मौत भी हो चुकी है। परंतु फैक्टरी मैनेजमेंट इससे बेपरवाह बना हुआ है। नेशनल हाईवे के अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं देते है।
आपको बता दें कि इसी क्रम में आज एक टैंकर चालक द्वारा अचानक टैंकर मोड़ दिए जाने से मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है। बताया जाता है कि, रायबरेली की ओर से गुड्डू पुत्र रामसेवक निवासी कुटी मोहल्ला बछरावां आ रहा था और जैसे ही वह फैक्ट्री के सामने पहुंचा टैंकर की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत यह रही कि, फैक्ट्री के अधिकारियों द्वारा उसे तत्काल अपनी फैक्ट्री की एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया गया। जहा उसे प्राथमिक चिकित्सा दी गई। बछंरावा सीएचसी से मिली जानकारी के मुताबिक गुड्डू के हाथ पैर टूटने से बच गए। परंतु सवाल यह उठता है कि, फैक्ट्री के सामने आए दिन होने वाली इन दुर्घटनाओं का निदान कैसे हो? फिलहाल पुलिस द्वारा टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है। इतनी दुर्घटनाओं के बाद भी नेशनल हाईवे के अधिकारियों तथा फैक्टरी मैनेजमेंट एवं जिला प्रशासन की लापरवाही से ऐसा प्रतीत होता है कि, उन्हें आम जनमानस की जिंदगी से कोई सरोकार नहीं है।



0 टिप्पणियाँ