कांग्रेसियों ने बलिदान दिवस के रूप में मनाई इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: भारत की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि को कांग्रेसियों ने बलिदान दिवस के रूप में मनाते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, तथा संकल्प लिया कि, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा बताए गए रास्ते पर चलकर वह देश की एकता अखंडता बनाए रखने के लिए काम करेंगे। यहां ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय पर अध्यक्ष कृपा शंकर शर्मा की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसियों ने इंदिरा गांधी के चित्र पर फूल मालाएं अर्पित कर उन्हें याद किया तथा 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

    आपको बता दें कि, इस मौके पर एआईसीसी सदस्य, पूर्व प्रमुख तथा जिला पंचायत सदस्य राम शंकर चौधरी ने कहा कि, स्वर्गीय इंदिरा गांधी भारत ही नहीं विश्व की महान नेता थी। जिन्होंने अपने जीवन का हर क्षण राष्ट्र के लिए जिया, और उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनके इस बलिदान को हिंदुस्तान कभी नहीं भूलेगा।

    इसी क्रम में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कृपा शंकर शर्मा ने कहा कि, कांग्रेस का इतिहास ही बलिदानों से भरा रहा है। देश की एकता और अखंडता की रक्षा करना प्रत्येक कांग्रेसी कार्यकर्ता का दायित्व है, और हम संकल्प लेते हैं कि, इस जिम्मेदारी से कभी नहीं भागेंगे। उन्होंने कहा कि, इंदिरा गांधी का विराट व्यक्तित्व आने वाले हजारों सालों तक भारत के नागरिकों को प्रेरणा देता रहेगा।

     इस मौके पर प्रदीप कुमार चौधरी, मोहम्मद सत्तार, दिनेश मिश्रा, जीतू पंडित, प्रिंसू वैश्य, जैनुलाब्दीन उर्फ लाला मनिहार, युवा ब्लॉक अध्यक्ष आशुतोष सिंह, नगर अध्यक्ष इरशाद आलम, भरत मिश्रा, हौसला प्रसाद तिवारी, हरिचरन पासी, सच्चिदानंद त्रिपाठी, राहुल सिंह, राम उदित चौरसिया सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ