रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: विगत रविवार की सुबह कोतवाली क्षेत्र के हिलहा गांव में बबूल की टहनी काटने को लेकर हुई मारपीट में एक पक्ष से घायल अजय सिंह उर्फ मोनू जिसे सर में गंभीर चोटें आई थी, और उसे लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। आज तड़के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान अजय कुमार सिंह उर्फ मोनू की मौत हो गई। उसके मौत का समाचार सुनकर गांव व परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर देर शाम शव ले जाया गया। जहां गहरे तनाव के बीच भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मृतक के घर पर शव को रखा गया है, जिसका अंतिम संस्कार कल सुबह किया जाएगा।
आपको बता दें कि, गांव के रहने वाले भगवती सिंह और काशी बक्स सिंह के बीच दरवाजे के सहन और तालाब के स्वामित्व को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। मामले में मुकदमे बाजी भी हो रही थी। घटना के दिन रविवार सुबह लगभग 7:00 बजे बबूल के पेड़ की टहनी काटने को लेकर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। आरोप है कि, एक पक्ष ने हमलावर होते हुए दूसरे पक्ष के अजय कुमार उर्फ मोनू सिंह और भगवती सिंह को कुल्हाड़ियों से वार करके घायल कर दिया था।
घायलों को इलाज के लिए पहले सीएचसी महराजगंज लाया गया, यहां अजय कुमार उर्फ मोनू के सिर में कुल्हाड़ियों के गहरे घाव होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था। जहां 24 घंटे बीतने के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। यहां तक कि, उसे होश नहीं आया था, तो जिला अस्पताल से उसे लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। जहां उसके सिर का बीती रात ऑपरेशन हुआ, किंतु तड़के 4:00 बजे उसकी ट्रामा सेंटर में ही मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने अजय कुमार उर्फ मोनू की ओर से उसके भाई रोहित सिंह की तहरीर पर काशी भक्स सिंह और उनके दो लड़कों कुलदीप सिंह और संदीप सिंह के साथ-साथ जगजीवन सिंह, जगदीश सिंह के अलावा अमरदीप सिंह के विरुद्ध धारा 307, 147, 148 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर जेल ही भेज दिया था।
किंतु आज तड़के अजय सिंह उर्फ मोनू की मौत होने के बाद क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र चतुर्वेदी और कोतवाल शरद कुमार आदि ने गांव में जाकर मौका मुआयना किया। गांव में अजय उर्फ मोनू के मौत की सूचना पहुंचते ही तनाव व्याप्त हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्षेत्राधिकारी और कोतवाल सहित भारी फोर्स के साथ गांव में चौकसी बढ़ा दी है। क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि, मामले को हत्या की धारा में तरमीम करके कड़ी बैधानिक कार्यवाही की जाएगी। किसी को भी अशांति फैलाने की इजाजत नहीं रहेगी। कड़ी पुलिस व्यवस्था के साथ अजय सिंह उर्फ मोनू का शव घर पर रखा गया है जिसका अंतिम संस्कार सुबह किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ