बछरावां/रायबरेली: बीती रात अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटनाक्रम के अनुसार यज्ञ नारायण पुत्र बिंदा प्रसाद निवासी दरियाव का पुरवा मजरे गुमावा खाना शिवगढ़ किसी काम से बछरावां आया हुआ था, और लौटकर मोटरसाइकिल के द्वारा अपने घर वापस जा रहा था, जैसे ही उसकी मोटरसाइकिल तिलेंडा स्थित बैंक के पास पहुंची कि, पीछे से अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मार दी गई। परिणाम स्वरूप घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा तत्काल उसे बछरावां अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आपको बता दें कि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद पहले तो युवक का कोई अता पता ही नहीं चल पा रहा था, परंतु बाद में उसका पता चल सका। मृतक राजमिस्त्री का कार्य करता था, और बेहद गरीब था। घर पर उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे जिनमें सबसे बड़ी बेटी की उम्र 5 वर्ष, तथा दूसरी बेटी 3 वर्ष व तीसरी बेटी 1 वर्ष की बताई जा रही है। युवक की मौत से तीन छोटे-छोटे मासूम बच्चों के सर से पिता का साया उठ गया तथा 8 वर्ष पूर्व ब्याह कर आई पत्नी की मांग सुनी हो गई। बताते हैं कि, मृतक के परिवार को अब सहारा देने वाला कोई नहीं है। भले ही मृतक के परिजन उसका शव लेने के लिए आ गए हो, परंतु उन तीन मासूमों को अपने पिता का इंतजार जीवन भर रहेगा, जो अब लौट कर कभी नहीं आने वाले हैं।

0 टिप्पणियाँ