रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: दीपावली धनतेरस के त्यौहारों को मद्देनजर रखते हुए खाद्य विभाग की टीम द्वारा उप जिलाधिकारी महराजगंज के निर्देशन पर बछरावां कस्बे के अंदर आज छापा मारा गया, छापे के दौरान विकास खंड कार्यालय के सामने स्थित राजाराम स्वीट हाउस के गोदाम में खोए का नमूना लिया गया, इसी बीच टीम के कुछ सदस्य बछरावां के अति विख्यात मेन चौराहे पर स्थित अशोक स्वीट हाउस पर पहुंचे अधिकारियों के पहुंचते ही होटल मालिक तथा कर्मचारियों के चेहरे पर हवाइयां उड़ने लगी।
आपको बता दें कि, टीम द्वारा खाद्य निरीक्षक अंजली श्रीवास्तव के नेतृत्व में छेना व लड्डू के नमूने लिए गए, तथा दुकान के गोदाम में रखे हुए मसाले आदि की एक्सपायरी तिथि चेक की गई और उनकी गुणवत्ता की परख की गई। वर्कशॉप के अंदर फैली गंदगी को देखकर अधिकारियों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया, और उन्होंने होटल संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए, वैधानिक कार्यवाही करने की चेतावनी दी। गोदाम के अंदर गंदगी का आलम यह था, कि चारों तरफ बदबू का साम्राज्य था। फर्श पर फैले हुए खाद्यान्न किसी कूड़ेदान का प्रदर्शन कर रहे थे।
ज्ञात हो कि, होटल मालिक द्वारा अपने यहां स्वच्छता तथा सामग्री की गुणवत्ता का वर्णन बढ़-चढ़कर सदैव किया जाता रहा है, आज की हालत देख कर तो ऐसा प्रतीत होता था कि, उक्त होटल मालिक जनता को मिठाईयां नहीं केवल बीमारी परोस रहा है। होटल के अंदर कार्यरत कर्मचारियों द्वारा किसी भी कोरोना नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था, स्वयं होटल मालिक द्वारा मास्क आदि नहीं लगाए हुए थे। इन छापों के पड़ते ही पूरे बछरावां बाजार के अंदर हड़कंप मच गया। सारे होटल व मिठाई की दुकान, यहां तक कि बेकरी आदि का सामान बेचने वाले भी सकते में आ गए, और अपनी-अपनी दुकानें बंद कर भाग खड़े हुए।
विदित हो कि, बछरावां एक ऐसी बाजार है, जहां मिलावट का धुआंधार बोलबाला है, परंतु कभी भी खाद्य विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं देते हैं। धड़ल्ले के साथ मिलावटी सरसों का तेल, खेसारी मिली हुई अरहर की दाल, खेसारी बेसन तथा अखाद्य रंगों का भरपूर प्रयोग किया जाता है। परंतु किसी भी अधिकारी को आम जनता के स्वास्थ्य के बारे में खबर लेने की फुर्सत नहीं है। कुछ व्यापारियों का यह भी कहना है, कि वह खाद्य विभाग द्वारा यहां तैनात अधीनस्थ कर्मचारी को बराबर सुविधा शुल्क अदा करते हैं। काश यह अधिकारीगण महीने में एक बार भी, अगर बछरावां बाजार के अंदर यह अभियान चला दे, तो आम जनता को शुद्ध सामान मिलने के साथ-साथ बहुत सी बीमारियों से भी छुटकारा मिल सकता है। जनमानस का कहना है कि, अगर धनतेरस तथा दीपावली के दिन सामूहिक रूप से अचानक दुकानों पर छापा मारा जाए, तो भारी संख्या में कानपुर का बना हुआ, नकली छेना वह नकली खोए की मिठाइयां कुंतलो की मात्रा में बरामद होंगी।


0 टिप्पणियाँ