रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: चिकित्सकों की लापरवाही के चलते प्रसूता की मौत हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आपको बता दें कि, मामला रायबरेली जनपद के बछरावां थाना क्षेत्र का है, जहां घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने मृतका के परिजनों से बातचीत कर न्याय का भरोसा दिलाया है। जानकारी के अनुसार चुरुवा गांव की रहने वाली सरिता तिवारी 35 पत्नी योगेश तिवारी को प्रसव पीड़ा के चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया था, यहां पर चिकित्सकों ने कस्बे के गोविंद हॉस्पिटल रायबरेली रोड बछरावां इलाज की सलाह दी गई थी। परिजन आनन-फानन गोविंद हॉस्पिटल लेकर गए, जहां पर सरिता ने ऑपरेशन के द्वारा शिशु को जन्म दिया। हालत नाजुक होने के कारण गोविंद हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने लखनऊ इलाज के लिए भेज दिया। लखनऊ इलाज के दौरान प्रसूता की मौत हो गई है। परिजन देर रात मृतका का शव लेकर बछरावां थाने पहुंचे, जहां थानाध्यक्ष द्वारा न्याय का भरोसा दिलाकर कार्यवाही की गई है।
मृतका के पति योगेश तिवारी ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बछरावां थाने में तहरीर दी है। बछरावां पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि, मृतका के परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लापरवाह चिकित्सकों व स्टाफ के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जांच के उपरांत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ