रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोरोना वैक्सीन को लेकर इंतजार की घड़ियां समाप्त होने वाली हैं। 16 जनवरी को कोरोना वैक्सीन के आधिकारिक लांच की घोषणा के बाद से ही लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है। वर्ष भर से कोरोना महामारी का दंश सहन कर रहा देश महामारी को हराकर आगे बढ़ने के लिए तत्पर है। आज सोमवार 11 जनवरी 2021 को जनपद के महराजगंज स्थित उच्चीकृत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना वैक्सीन का फाइनल ड्राई रन कराया गया। यह महराजगंज समेत जनपद के सभी विकास खंडों पर आयोजित हुआ। यहां सीएचसी महराजगंज के अधीक्षक डॉ राधाकृष्णन ने बताया कि, इसके लिए विभाग द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। फाइनल ड्राई रन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।
आपको बता दें कि, डॉ राधाकृष्णन ने इस संवाददाता को जानकारी देते हुए बताया कि, प्रथम चरण में स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों का टीकाकरण किया जाएगा, वहीं द्वितीय चरण में पुलिस विभाग, ब्लॉक तथा तहसील और नगर पालिका/नगर पंचायत में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों का टीकाकरण किया जाएगा। जबकि 50 वर्ष से ऊपर के व्यक्तियों में तीसरे चरण के लिए टीकाकरण की बात उनके द्वारा बताई गई है। सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर राधाकृष्णन ने यह भी बताया कि, प्रथम चरण का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हो चुका है, वहीं द्वितीय चरण का रजिस्ट्रेशन प्रोसेस में है।
अधीक्षक ने जानकारी देते हुए आगे बताया कि, वैक्सीनेटर की जिम्मेदारी सुमन सेमी, ऐमी यादव और वर्षा कश्यप को दी गई है। जबकि सुरक्षाकर्मी में दीपा सिंह, शिवम कुमार रहेंगे। इसके अलावा ऑब्जरवेशन रूम की जिम्मेदारी पूजा संभलेंगी, तथा एएफआई डॉक्टर शिवेंद्र कार्यक्रम की पूरी रचना कर रहे हैं।
अधीक्षक डॉक्टर राधाकृष्णन ने आगे बताया कि, ड्राई रन को लेकर 15 लोगों के साथ ट्रायल हुआ है, जिनमें डॉक्टर राधाकृष्णन (वे स्वयं), डॉक्टर भावेश, डॉक्टर शिवेंद्र, अंतिमा मिश्रा, डॉक्टर प्रवेश श्रीवास्तव, शिवाकांत तिवारी, कमल प्रकाश, हरीश श्रीवास्तव फार्मासिस्ट, कालीदीन, सारंमाके, गीता वर्मा, दीप्ति सिंह, कुषमा सिंह, प्रीति सिंह, चंद्रकला देवी के साथ ट्रायल हुआ है, जो टीकाकरण के दौरान अपनी अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि, टीका लगवाने जब व्यक्ति स्वास्थ्य केंद्र आएगा, तो सबसे पहले वेरीफिकेशन जांच की जाएगी, उसके बाद वैक्सीनेशन रूम में भेजा जाएगा, उसके बाद वैक्सीन लगेगी, फिर उसे आधा घंटा वेटिंग रूम में रखा जाएगा। इस दौरान अगर उसे कोई साइफेक्ट या कोई दिक्कत नहीं हुई, तो उसे घर जाने को कहा जाएगा।
उच्चीकृत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत सबसे पहले स्वास्थ्य विभाग जिसमें डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टॉप, आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम के 313 लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। इससे लोगों में वैक्सीन को लेकर संशय खत्म होगा व उत्साहित होकर वैक्सीन लगवाएंगे। उन्होंने आगे बताया कि, सभी कर्मियों को वैक्सीनेशन केंद्र पर आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा कोविन पोर्टल पर अपलोड डाटा में लगाई गई आईडी भी साथ लानी होगी। अगर किसी कर्मी के आधार कार्ड में अटैच मोबाइल नंबर व कोविड पोर्टल पर अपलोड डाटा में मोबाइल नंबर भिन्न-भिन्न है, तो आधार कार्ड में नंबर सही करा लें। अन्यथा वैक्सीनेशन के समय आने वाले ओटीपी में समस्या उत्पन्न होगी।

0 टिप्पणियाँ