जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने चले लाठी-डंडे 7 लोग घायल।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के पूरे अहिरन मजरे पिंडारी खुर्द में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष खून खराबे पर उतर आए, और जमकर लाठी-डंडे चले। जिसके चलते दोनों पक्ष से 7 महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरुद्ध एफ आई आर दर्ज कराई है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने नामजद अभियुक्तों को शांति भंग करने के प्रयास में गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।

    आपको बता दें कि, एक पक्ष की ओर से छीटू यादव पुत्र राम प्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि, दूसरे पक्ष के रामसुख, रामसूरत, रामप्रकाश पुत्रगण गया प्रसाद और गया प्रसाद की पत्नी शांति उनकी जमीन पर जबरन कब्जा कर रहे थे। जब उन्होंने मना किया तो चारों लाठी-डंडे लेकर आ गए और उनकी पत्नी कलावती के अलावा पिंकी और मिथिलेश को घेरकर जमकर पीटा। जिससे तीनों घायल हो गई है।

    वहीं दूसरे पक्ष की ओर से रामप्रकाश यादव ने उल्टा छीटू यादव पुत्र रामप्रसाद, सुखाई पुत्र राम प्रताप, गोलू पुत्र जगदीश और बाबूलाल पुत्र माता प्रसाद पर आरोप लगाया है कि, वे लोग लाठी-डंडों से लैस होकर इनकी जमीन पर जबरन कब्जा कर रहे थे। जब मना किया गया, तो चारों लाठी-डंडे लेकर उनकी पक्ष की महिलाओं महादेवी, विमला, राजकली और संतोषा को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। गांव वाले ना दौड़ते तो बहुत बड़ा हादसा हो जाता।

     मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी शरद कुमार और एसएसआई प्रमोद कुमार तथा चौकी इंचार्ज थुलवांसा आशीष कुमार तिवारी भारी फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे, और खून खराबे पर आमादा दोनों पक्षों के 8 लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आए हैं। कोतवाल शरद कुमार का कहना है कि, मामले में दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर एक दूसरे के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। घायलों को चिकित्सीय परीक्षण और इलाज के लिए सीएचसी महराजगंज भेजा गया है। दोनों पक्षों के विरुद्ध विरोधात्मक कार्यवाही की जा रही है। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ