रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: थाना क्षेत्र के शेखपुर समोधा बाईपास पर घने कोहरे के बीच ब्रेकर न नजर आने के कारण एक वैगनआर कार उछल कर नहर की पटरी पर चढ़ गई और पलट गई। जिससे कार में सवार पति पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस की सहायता से तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
आपको बता दें कि, लखनऊ मार्ग से बांदा बहराइच मार्ग को मिलाने वाला बाईपास समोधा गांव के निकट मौरावा मार्ग को क्राश करता है। इस जगह पर तेज गति से आने वाले वाहनों से आए दिन दुर्घटनाएं घटित होती रहती हैं। जनता की मांग पर विभाग द्वारा दोनों तरफ स्पीड ब्रेकर बना दिए गए, परंतु उन को चिन्हित करने वाले संकेत अभी तक सड़क पर नहीं बनाए गए है, साफ मौसम में तो यह ब्रेकर नजर आ जाते हैं, किंतु यदि कोहरा अथवा अंधेरा हुआ, तो यह नजर नहीं आते है। इसी का खामियाजा है कि, उन्नाव निवासी संदीप कुमार पुत्र राम आसरे को ब्रेकर नजर नहीं आया और उनकी कार अनियंत्रित होकर नहर की पटरी पर जाकर पलट गई जिससे वह और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
संदीप ने बताया कि, वह और उनकी पत्नी लखनऊ अपनी कार से इलाज के लिए से जा रहे थे, घने कोहरे के कारण जैसे ही वह मौरावां मार्ग के पास पहुंचे तेजगति से चल रही उनकी कार ब्रेकर पर जैसे ही चढ़ी, अनियंत्रित हो गई, जब तक वह संभालते दूसरा ब्रेकर भी आ गया और कार नहर की पटरी पर चढ़कर पलट गई। गनीमत यह रही कि, घटनास्थल पर काफी ग्रामीण एकत्रित थे, उन्होंने दौड़कर कार को उठाया और दोनों लोगों को बाहर निकाला। क्षेत्र वासियों की मांग है कि, बाईपास पर ब्रेकर के दोनों ओर उन्हें इंगित करने वाले संकेत चिन्ह बनाऐ जाए, ताकि वाहन चालको को ब्रेकर की जानकारी हो सके।



0 टिप्पणियाँ