सरकारी अधिकारी और कर्मचारी कभी रिटायर नहीं होता-एसडीएम विनय कुमार मिश्रा।। Raebareli news ।।

 

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: सरकारी सेवा से जुड़े व्यक्ति को एक न एक दिन सेवानिवृत्त होना ही पड़ता है। लेकिन सेवानिवृत्त के बाद भी सेवानिवृत्त लोकसेवक की जिम्मेदारी कम नहीं होती बल्कि उससे रिटायरमेंट के बाद जीवन में मिले अनुभवों से पूरे समाज को जागृत करने और उसे लाभान्वित करने की आवश्यकता होती है। आज जो भी हमारे अधिकारी और कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए हैं। इन सभी लोगों से हम अनुरोध करते हैं कि, वह प्राप्त अनुभवों से न केवल अपने परिवार, अपने आसपास बल्कि अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करें। यह उद्गार उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा ने महराजगंज तहसील सभागार में सेवानिवृत्त हुए तहसीलदार न्यायिक रामकिशोर वर्मा, रजिस्टार कानूनगो रमेश पटेल, दर्शन बाबू सहित आठ लोगों के सेवानिवृत्त होने पर उनके सम्मान में आयोजित विदाई समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।


  आपको बता दें कि, इस मौके पर उप जिलाधिकारी ने रिटायर्ड तहसीलदार न्यायिक राम किशोर वर्मा के व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि, उनके साथ कार्यकाल में उन्होंने जो भी आदेश निर्देश श्री वर्मा को दिए, उसका उन्होंने एक जिम्मेदार अधिकारी के रूप में पालन किया। इसके अलावा उन्होंने सभी कर्मचारियों से अनुरोध किया कि, रिटायरमेंट के बाद वह निष्क्रिय न होकर समाज की सेवा में अपना समय दें।

    इसी क्रम में तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने भी रिटायर्ड तहसीलदार न्यायिक रामकिशोर वर्मा के अलावा रजिस्टार कानूनगो दर्शन बाबू, रमेश पटेल के अतिरिक्त राजस्व निरीक्षक शिव बहादुर, राधेश्याम सहित लेखपाल रामहरक और भगवानदीन के कार्यों की जमकर सराहना की, और कहा कि, इन लोगों ने टीम वर्क की भावना से अच्छे-अच्छे पेचीदा मसलों को हल करने में अपना योगदान किया है। उन्होंने सभी लोगों के आगामी सुखमय भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार अभिजीत गौरव, ऋषि कुमार मिश्रा ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किए।


    कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एसडीएम विनय मिश्रा और तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने सभी सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों और लेखपालों को अंग वस्त्र व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर रिटायर्ड तहसीलदार न्यायिक रामकिशोर वर्मा ने कहा कि, वैसे उन्होंने लंबे समय तक सरकारी सेवा का कार्य किया है, लेकिन महराजगंज में तैनाती के दौरान उन्हें उच्चाधिकारियों और अधीनस्थों का जो प्रेम मिला, सहयोग मिला उसे वह ताउम्र नहीं भूलेंगे। कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की उपशाखा महराजगंज की अध्यक्षा प्रीति गुप्ता व महामंत्री राजीव मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। संचालन राजस्व निरीक्षक श्रीकांत पांडेय ने किया।

     कार्यक्रम में लीडर तहसीलदार अंजनी कुमार बाजपेई, रीडर एसडीएम पवन कुमार, राजेश कुमार, राजस्व निरीक्षक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, जगन्नाथ प्रसाद, श्रीराम के अलावा लेखपाल संघ के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान, शिव कंठ गुप्ता, दर्शिता श्रीवास्तव, आद्या प्रसाद, विपिन प्रसाद मौर्य, छब्बू राम, राहुल त्रिवेदी, गंभीर सिंह आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ