रायबरेली में लगातार तीसरे दिन भी जारी है घना कोहरा व शीतलहर, जनजीवन अस्त-व्यस्त।। Raebareli news ।।

 रजनीकांतअवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र में घने कोहरे व शीतलहर के कारण जहां यातायात व्यवस्था पटरी से उतरने लगी है, वहीं जनजीवन भी अस्त व्यस्त हो गया है। मानव जीवन से लेकर पशु पक्षियों तक का जीवन घने कोहरे के साथ शीत लहर से प्रभावित हो रहा है। आज शनिवार की सुबह भी शीतलहर के साथ-साथ कोहरे की चादर छाई हुई है। यहां महराजगंज-इन्हौना, हैदरगढ़, बछरावां और रायबरेली रोडों पर यह आलम रहा कि, घने कोहरा होने के कारण हल्के व भारी वाहन लाइटें जला कर रेंग रेंग कर गुजर रहे है। वहीं शीत लहर का प्रकोप लगातार जारी है। जिसके कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। तो लोग कड़कड़ाती ठंड से बचने के लिए आग का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।

    आपको बता दें कि, घने कोहरे और शीतलहर के चलते ठंड का कहर विगत 3 दिनों से लगातार बढ़ता जा रहा है। कुछ यही हाल यहां कस्बा सहित ग्रामीण व आसपास के क्षेत्रों का है, जहां पर शीतलहर के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। यहां लोग घरों से निकलने के लिए गर्म कपड़ों कंबल आदि का सहारा ले रहे हैं, तो वहीं लोग आग के पास बैठ कर कंप कपाती ठंड को दूर भगाने का प्रयास भी कर रहे हैं। शीतलहर व गलन के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है, ठंड का सितम जारी है। विगत बृहस्पतिवार को दिन में 1:00 बजे के बाद सूर्य देव के तो दर्शन हो गए थे, लेकिन शुक्रवार को पूरा दिन लोग टकटकी लगाए रहे लेकिन भगवान सूर्य देव के दर्शन दुर्लभ हो गए। माना जा रहा है कि, आज शनिवार को भी दिन में सूर्य देव के दर्शन ना हुए, तो ठंड और भी बढ़ सकती है।

  आज तीसरे दिन यह आलम है कि, दिन में गर्म कपड़ों में भी बाहर निकलने पर लोगों में कपकपी छूटती साफ तौर पर देखी जा रही है। यहां ठंड को देखते हुए बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं। सड़कों पर वाहन काफी धीमी गति से चलते नजर आ रहे हैं। लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी शीतलहर और घने कोहरे के कारण कड़ाके की सर्दी महसूस की जा रही है। जिसके तहत तापमान में गिरावट जारी है। रायबरेली में पारा सुबह 10:00 बजे 17 सेल्सियस दर्ज किया गया।

   वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक स्थानों पर कहीं-कहीं अलाव न जलने से आवागमन करने वाले कंपकपाते नजर आए। लगभग 10:00 बजे भी चारों ओर घना कोहरा छाने से सड़कों पर चंद कदमों की दूरी साफ नजर नहीं आ रही है। इस दौरान सभी चालक वाहन की हेड लाइट रोशन करके काफी धीमी गति से वाहन चला रहे हैं। विगत 3 दिनों से कड़ाके की सर्दी होने के बावजूद प्रशासन ने व्यापक रूप से अलाव नहीं जलवाए। इससे आम जनमानस सर्दी के कहर से आहत नजर आया। शुक्रवार को बिजली की अधिकतर लाइनों पर कर्मचारियों और अधिकारियों ने नजर बनाए रखीं, जिसकी वजह से विद्युत आपूर्ति बहाल रही।

    महराजगंज सीएचसी के अधीक्षक डॉ राधाकृष्णन ने ठंड को देखते हुए पुन: बुजुर्गों और बच्चों को धूप निकलने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि, दिन में बच्चे बुजुर्गों के साथ अलाव के करीब रहे, और हाथों को सेकते रहे।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ