रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: श्री राम मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान के अंतर्गत जन जागरण के लिए शनिवार को तहसील क्षेत्र के बछरावां कस्बे में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसके माध्यम से कस्बा व आसपास इलाके के लोगों को श्री राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह में सहयोग के लिए आगे आने को कहा गया, और जागरूक भी किया गया। यहां बछरावां खंड के अंतर्गत राम मंदिर निर्माण हेतु चंदा मांगो अभियान का शुभारंभ व कार्यालय उद्घाटन साथ-साथ हुआ। उद्घाटन के पश्चात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा एक जन जागरण रैली का आयोजन किया गया, और जय श्री राम के नारे लगाए गए।
आपको बता दें कि, संघ के कार्यकर्ता नीरज चौरसिया खंड कार्यवाहक ने बताया कि, यह अभियान 14 जनवरी 2021 मकर संक्रांति से प्रारंभ हुआ है, और 16 फरवरी 2021 बसंत पंचमी को समाप्त होगा। उन्होंने यह भी बताया कि, आज पहले दिन बछरावां के अग्रणी व्यवसाई शशिकांत मिश्र व अतुल कुमार शुक्ल द्वारा ग्यारह-ग्यारह हजार रुपए तथा राजू बाबा द्वारा 51 सौ रुपए राम मंदिर बनाने हेतु दान दिया गया है।
श्री चौरसिया ने यह भी बताया कि, 14 जनवरी से लेकर 30 जनवरी 2021 तक जो दानदाता एक हजार से अधिक रुपए का दान देंगे, केवल उनसे ही चंदा लिया जाएगा। इसके पश्चात अल्प चंदा देने वालों से घर-घर घूम कर दान राशि वसूल की जाएगी।
विदित हो कि, अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर बनने को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उनके विचार संगठनों की अगुवाई में पूरे देश भर में निधि समर्पण अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक गांव में समितियों का गठन किया गया है। यहां रैली में प्रभु श्रीराम के जयघोष लगाते हुए, काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया, जिसमें काफी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रभु श्री राम के मंदिर के निर्माण के लिए अपना भरपूर योगदान देने की बात कही।
इस मौके पर समरसता प्रमुख सतीश सिंह, सुनील तिवारी, प्रभाकर गुप्ता, अरविंद तिवारी प्रवेश वर्मा, शिव कुमार गिरी आदि मौजूद रहे।



0 टिप्पणियाँ