रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के हैदरगढ़ रोड पर कुबना नैय्या नाला के निकट विगत 15 जनवरी 2021 दिन शुक्रवार को अज्ञात वाहन द्वारा बाइक सवार पति-पत्नी व 14 वर्षीय लड़की को टक्कर मारकर घायल कर देने के बाद हुई शिव दर्शन की मौत के मामले में उसके पिता बाबूलाल ने आज अज्ञात वाहन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आपको बता दें कि, हरचंदपुर थाना क्षेत्र के हिडइन गांव के रहने वाले सुदर्शन लोधी अपनी पत्नी मालती देवी और परिवार की 14 वर्षीय लड़की राधा के साथ एक ही बाइक से हैदरगढ़ के पास स्थित अपनी ससुराल गए थे, और ससुराल से होकर अगले दिन वापस गांव आ रहे थे, तभी हैदरगढ़ रोड पर कुबना नैय्या नाला पुल के समीप सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी थी। जिसमें सुदर्शन और उसकी पत्नी मालती तथा लड़की राधा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। तीनों को इलाज के लिए सीएचसी महराजगंज लाया गया था, डॉक्टरों ने शिव दर्शन और उसकी पत्नी मालती को गहरी चोटें आने के बाद प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। जबकि राधा को यहीं से छुट्टी दे दी गई थी।
उधर रायबरेली जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान शिव दर्शन की मौत हो गई थी, तथा मालती को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया था, जहां आज भी उसका इलाज चल रहा है। मामले में मृतक सुदर्शन के पिता बाबूलाल ने आज महराजगंज कोतवाली पहुंचकर अज्ञात वाहन के विरुद्ध दुर्घटना कर उसके लड़के की मौत हो जाने का मुकदमा दर्ज कराया है।
मामले में कोतवाल शरद कुमार बताया कि, तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।





0 टिप्पणियाँ