खादी पर एक बार फिर भारी पड़ी खाकी।। Raebareli news ।।

 

भलईमऊ खूनी संघर्ष का नवे अभियुक्त ने अदालत में किया आत्मसमर्पण

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: आखिरकार बलईमऊ कांड के अभियुक्त शैलेंद्र सिंह को बचाने में जुटे सफेदपोशों की दाल नहीं गली। जबकि जिले के तेजतर्रार युवा पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाई जा रही मुहिम के तहत पुलिस ने शैलेंद्र सिंह के ऊपर इतना शिकंजा कसा, आखिरकार उसे अदालत में जाकर आत्मसमर्पण करना पड़ा, और सफेदपोश नेता खिसिया कर रह गए।

    आपको बता दें कि, थाना बछरावां की थुलेडी चौकी क्षेत्र में पड़ने वाले गांव बलईमऊ में विगत 15 अक्टूबर की रात में गांव के एक दबंग परिवार ने आसपास के गुंडों को बुलाकर एक भाजपाई परिवार के घर को चारों तरफ से घेर कर हमला बोल दिया था, तथा भाजपा बूथ अध्यक्ष की भाभी के काम काटकर अलग कर दिया था। वहीं उनकी लड़की के नाक काटने के भी प्रयास किए गए थे। मामले में काफी हो-हल्ला मचा था। पीड़िता का इलाज लखनऊ के ट्रामा सेंटर में हुआ था। 


  मामले में पूरी जानकारी होने के बाद एसपी श्लोक कुमार ने अभियुक्तों की गिरफ्तारी का जिम्मा बछरावां के थाना प्रभारी राकेश सिंह को तथा थुलेडी चौकी के इंचार्ज अनिल यादव को सौंपा था। हालांकि इस दरमियान दबंग परिवार जिसके तार जिले के एक सफेदपोश नेता से जुड़े हुए थे, उन्होंने गिरफ्तारी और कार्यवाही ना होने के लिए पुलिस पर दबाव भी डाला, लेकिन एसपी की सख्ती के चलते 9 अभियुक्तों में से एक एक करके अभियुक्त गिरफ्तार कर लिए गए थे, जबकि नवा अभियुक्त शैलेंद्र सिंह सफेदपोश नेता के संरक्षण में मुंह छिपाकर बच रहा था।


    लेकिन भुक्तभोगी सुशील कुमार बाजपेई द्वारा मामले की जानकारी एसपी को दिए जाने के बाद एसपी ने कठोर रुख अख्तियार किया, जिस पर बछरावां और चौकी थुलेडी पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर शैलेंद्र सिंह का जीना मुहाल कर दिया। अंततोगत्वा आज सोमवार को अभियुक्त शैलेंद्र सिंह ने लगभग 12:00 बजे अदालत में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया है। जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया। इलाके में एसपी श्लोक कुमार, क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र चतुर्वेदी सहित बछरावां थाना प्रभारी राकेश सिंह और थुलेंडी पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल यादव समेत पुलिस अधिकारियों की जमकर सराहना हो रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ