फोटो-आधार कार्ड बनाने वाला कर्मचारी नाबालिक बच्चों से पहले बाल श्रम कराता है, फिर उन्हें आधार कार्ड बना कर देता है।
रजनीकांत अवस्थी
बछरावां/रायबरेली: ग्राम सभा बिशनपुर के नागरिकों ने ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बनाए जा रहे आधार कार्ड में धन वसूली तथा नन्हे-मुन्ने बच्चों से श्रम शोषण कराए जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि, जो बच्चे यहां आधार कार्ड बनवाने के लिए आते हैं, उनसे पहले साफ-सफाई आदि कराई जाती है।
आपको बता दें कि, इस संवाददाता ने जब मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी हासिल की तो, उनका कहना था कि, यहां तैनात कर्मचारियों का आधार कार्ड बनवाने आए बच्चों से कहना है कि, पहले काम करो फिर आधार मिलेगा। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि, कर्मचारियों द्वारा अभिभावकों से धन वसूली भी की जा रही है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि, छोटे-छोटे बच्चों से यह लोग अपनी कार तक साफ कराते है, जबकि इसके विपरीत आधार कार्ड बनाने में लगे कर्मचारी शिवशरन का कहना है कि, इस केंद्र पर केवल परिषदीय विद्यालय के बच्चों के ही आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। धन लेने का आरोप निराधार है। सत्यता क्या है, यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी रायबरेली से जांच कराने की मांग की गई है।

0 टिप्पणियाँ