प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए हर कार्यकर्ता को करनी होगी जी तोड़ मेहनत-सुशील पासी
रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आवाहन किया है कि, हाईकमान के निर्देश पर जिले में 15 ब्लॉकों में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति करने के साथ संगठन को और धारदार बनाकर जनता की समस्याओं के लिए कांग्रेसजन जी जान से जुटें, और वर्तमान मोदी और योगी सरकार के जनविरोधी कार्यों का विरोध ग्राम स्तर से लेकर ऊपर तक पूरी दमदारी से करें। क्योंकि कांग्रेस का इतिहास ही संघर्षों का इतिहास रहा है। हमने सदैव आम जनता विशेषकर दलितों, पिछड़ों, अकलियत के लोगों के साथ-साथ आधी आबादी पर जोर जुल्म जाजती का विरोध किया है। संगठन को मजबूत बनाकर ही प्रदेश की सरकार में वापसी हो सकती है, इसके लिए अभी से हर कांग्रेसी कमर कस लें।
आपको बता दें कि, जिलाध्यक्ष यहां बृहस्पतिवार को श्री दानेश्वर मंदिर परिसर में कांग्रेस के नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप कुमार चौधरी के स्वागत हेतु पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। अपने संबोधन के दौरान जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि, सर्वविदित है कि, रायबरेली जनपद फिरोज गांधी से लेकर इंदिरा गांधी उसके बाद राजीव गांधी और अब सोनिया गांधी की कर्मभूमि रही है। भले ही सोनिया गांधी राष्ट्रीय राजनीति में सक्रियता के चलते दिल्ली में रहती हो, लेकिन उनका दिल और दिमाग रायबरेली में ही रहता है।
वे पल-पल वह संगठन के माध्यम से जिले वासियों के दुख दर्द और समस्याओं के बारे में जानकारी लेती रहती है। इसका प्रमाण है कि, कोरोना के चलते देश में लागू किए गए संपूर्ण लॉकडाउन के दौरान जिले के गरीबों वंचितों और कमजोर परिवारों के सामने भोजन का संकट ना पैदा हो। सोनिया गांधी ने अपनी ओर से 12,000 से अधिक लोगों को राशन की किटें निरंतर वितरित कराई। उसके अलावा शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा रायबरेली शहर में रोजाना 15 सौ से अधिक भोजन के पैकेट तैयार करा कर जरूरतमंदों में वितरित किए जाते रहे हैं। जबकि इसके विपरीत भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं ने गरीबों की मदद के लिए ढेला भर का काम नहीं किया, और फर्जी वाहवाही लूटने का प्रयास करते रहे।
श्री तिवारी ने नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप चौधरी को बधाई देते हुए उनसे आग्रह किया कि, ग्राम पंचायत और बूथ स्तर से लेकर न्याय पंचायत तक की कमेटियां गठित कर सर्वसम्मति से एक अच्छा संगठन खड़ा करें, जो भविष्य में कांग्रेस के संगठन को मजबूती प्रदान कर सके।
इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव सुशील पासी ने कहा कि, प्रदेश की सरकार से कांग्रेस 32 वर्षों से दूर है। हर कार्यकर्ता चाहता है कि, वह अपनी पार्टी को प्रदेश में सत्तासीन होता देखें इसके लिए अभी से मेहनत करनी है, ग्राम पंचायत अस्तर से लेकर ब्लॉक तक की कमेटी सभी जिम्मेदार लोगों से परामर्श करके गठन किया जाए, और संगठन में सभी वर्गों के लोगों को अवसर प्रदान किया जाए। क्योंकि अब कांग्रेसी ही एक ऐसी पार्टी है, जोकि विपक्ष की सही भूमिका का निर्वाह कर रही है। इसके लिए सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जैसी हमारी पार्टी के शीर्ष पंत के नेताओं का सोचना है कि, मोदी और योगी सरकार की नाकामियों के बाद अब पूरे देश की जनता बड़ी आशा भरी निगाहों से कांग्रेश की ओर ही देख रही है। हम सभी लोगों को मिलजुल कर एक नया इतिहास रचना होगा, हर कार्यकर्ता को गांव स्तर से लेकर जिले स्तर तक ऐसा माहौल बनाना होगा।
कार्यक्रम में जिला सचिव राजकुमार दीक्षित ने भी प्रदीप चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि, वह एक सशक्त राजनीतिक परिवार जिसका पूरे क्षेत्र में जबरदस्त प्रभाव है, उस परिवार से जुड़े हैं। राजनीत उन्हें विरासत में मिली है। वह अपने बुजुर्गों और वरिष्ठों से आशीर्वाद और सलाह लेकर नवयुवकों के साथ मिल बैठकर एक सशक्त टीम बनाकर कांग्रेस के लिए काम करेंगे।
कार्यक्रम में बछरावां विधानसभा क्षेत्र प्रभारी अजीत सिंह, महराजगंज ब्लॉक प्रभारी रोहित पटेल के अलावा पूर्व प्रत्याशी साहब शरण पासी, अधिवक्ता आरके सिंह, महिला अध्यक्ष बीना मिश्रा, शिव प्रकाश सिंह, वरिष्ठ नेता अरुण प्रकाश उर्फ राजू वर्मा, लाला मनिहार, इरशाद आलम, राघवेंद्र, मनोज कसेरा आदि ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष कृपा शंकर शर्मा तथा संचालन ब्लाक महासचिव भरत मिश्रा ने किया।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी और जिला सचिव राज कुमार दीक्षित ने कार्यक्रम में मौजूद एआईसीसी के सदस्य और पूर्व प्रमुख तथा वर्तमान जिला पंचायत सदस्य राम शंकर चौधरी को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में राम उदित चौरसिया, राम शरण शुक्ला, सत्तार अहमद, हौसला प्रसाद तिवारी, यूथ अध्यक्ष आशुतोष सिंह, राहुल सिंह, रितेश दुबेदी, हनुमान जायसवाल, गया प्रसाद चौरसिया, प्रिंसू वैश्य, दिनेश मिश्रा समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।








0 टिप्पणियाँ