रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र के पूरे अहलादी मजरे मऊ गांव में बीती रात बच्चों के विवाद को लेकर एक दलित महिला को उसके घर में घुसकर गांव के ही दो दबंगों ने गाली गलौज कर लाठी-डंडों से जमकर मारा पीटा। जिसमें महिला का बाया हाथ गंभीर रूप से चोटिल हो गया है। पीड़िता ने महराजगंज कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर देकर नामजद 2 लोगों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्यवाही करने की मांग की है। मामले में कोतवाली प्रभारी शरद कुमार का कहना है कि, चोटिल महिला की तहरीर मिली है। जांच कराकर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
आपको बता दें कि, कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता रामकली पत्नी राम प्रसाद उर्फ बुत्तू कोरी निवासी ग्राम पुरे अहलादी मजरे मऊ गर्बी ने कहा है कि, बीती रात बच्चों बच्चों के विवाद में उसके गांव के ही दबंग प्रतिपक्षी गणों सियाराम पुत्र अज्ञात, मिथिलेश पत्नी हरी लोध ने घर में घुसकर गाली गलौज किया। उसके विरोध करने पर लाठी-डंडों से लैस प्रतिपक्षी गणों ने उस पर हमला बोल दिया। जिससे उसके बाएं हाथ में गंभीर रूप से चोटें आई है। इसके बाद भी वह लोग जातिसूचक शब्द से गाली देते हुए, थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी है। पीड़िता ने कोतवाली प्रभारी से न्याय की गुहार लगाई है।

0 टिप्पणियाँ