रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज रायबरेली: जहां शासन की ओर से हर वर्ष क्षेत्र में लाखों पौधे रोपित कराए जा रहे हैं, और उनकी देखभाल करने के लिए विशेष निर्देश दिए जाते हैं, परंतु यहां महराजगंज में हरियाली की देखभाल करने वाले फॉरेस्ट गार्ड के पद पर तैनात सत्यनारायण यादव द्वारा लीक से हटकर वन माफियाओं से सांठगांठ कर क्षेत्र को हरियाली मुक्त कराने की मानो कसम ही खा चुके हैं। इस भ्रष्ट फॉरेस्ट गार्ड द्वारा अपने क्षेत्र के गांवों में इन दिनों वन माफियाओं से धन उगाही कर हरियाली पर आरा चलवाया जा रहा है।
आपको बता दें कि, महराजगंज स्थित वन कार्यालय में तैनात फॉरेस्ट गार्ड सत्यनारायण यादव के काले साम्राज्य की पटकथा इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। आखिर हो भी क्यों ना, वन माफियाओं को संरक्षण देकर हरियाली उजड़वाने की कसम जो खा रखी है। और इसकी जानकारी जनपद मुख्यालय पर बैठे उच्चाधिकारियों को भी है। क्योंकि अवैध कटान होने के दौरान फॉरेस्ट गार्ड की शिकायत भी ग्रामीणों द्वारा की जाती है, परंतु शायद जिम्मेदार भी वन दरोगा अनुज रंजन का संरक्षण प्राप्त फॉरेस्ट गार्ड सत्यनारायण पर कार्यवाही नहीं करना चाहते हैं।
यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो, इस फॉरेस्ट गार्ड सत्यनारायण यादव के क्षेत्र असनी, सलेथू, बरहुआ, पखनपुर, पोखरनी, हरदोई, राघोपुर, ज्योना जैसे तमाम गांवों में 1 सप्ताह के अंदर सैकड़ों प्रतिबंधित पेड़ों को फॉरेस्ट गार्ड सत्यनारायण की शह पर वन माफियाओं द्वारा उजाड़ दिए गए हैं, और उजाड़े जा रहे है।
मिली जानकारी के मुताबिक बीती 30 जनवरी को ज्योना गांव में इसी फॉरेस्ट गार्ड की शह पर एक लकड़ी ठेकेदार द्वारा हरे आम के पेड़ों को कटवाया जा रहा था, मामला समाचार पत्रों के माध्यम से प्रकाशित होने पर विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया था। मामला काफी तूल पकड़ने के 4 दिन बाद वन विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जांच कराकर कार्यवाही की गई, ऐसे में लगातार फॉरेस्ट गार्ड सत्यनारायण के क्षेत्र में हो रही अवैध प्रतिबंधित पेड़ों की कटान की शिकायत ग्रामीणों द्वारा उच्चाधिकारियों से करने के बावजूद हरियाली मुक्त कराने की कसम खाए फॉरेस्ट गार्ड पर कार्यवाही ना करना समझ के परे है।
वहीं मामले में डीएफओ महेंद्र कुमार यादव से दूरभाष पर बात की गई, तो उन्होंने कहा कि, संबंधित फॉरेस्ट गार्ड की कई शिकायतें आ चुकी है। जिसकी जांच कराई जाएगी, और जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।


0 टिप्पणियाँ