रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: भाई के साथ ससुराल पत्नी की मान मनव्वल कर विदाई कराने के लिए आए युवक का स्वागत सत्कार नए ढंग से हुआ। जबकि बातचीत में खफा हुई पत्नी ने अपनी मां के साथ मिलकर अपने पति और देवर की लात, घूंसे, डंडे से जमकर पिटाई की, और कपड़े तक फाड़ डाले। मामले को तूल पकड़ता देख आसपास के लोग भी जमा हो गए, और मौके से पति और देवर को भागकर जान बचानी पड़ी। फिर मामला थाने तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरुद्ध आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आपको बता दें कि, घटना महराजगंज कस्बे से एक किलोमीटर दूर पाली गांव की है। बताते हैं कि, शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के सरसई गांव के रहने वाले एक युवक की यहां पाली में शादी हुई थी, जिनके दो बच्चे भी हैं। पति पत्नी में विगत कुछ महीनों से अनबन चल रही थी, पत्नी नाराज होकर मायके चली आई थी। बताते हैं कि, इस दरमियान पति ने पत्नी को मनाकर घर ले जाने के लिए रिश्तेदारों नातेदारों और समाज के अगुआ लोगों के माध्यम से कई बार प्रयास किया था। लेकिन बात नहीं बनी। पिटे हुए पति का यह कहना है कि, इस बार पत्नी ने उसे खुद अपने घर बुलाया था।
इसी क्रम में पति अपने छोटे भाई को साथ लेकर आज दिन में लगभग 11:00 बजे पत्नी के घर पाली गांव पहुंच गया। अमूमन दामाद का स्वागत चाय पानी नाश्ते के साथ होता है, लेकिन यहां तो मामला उल्टा ही रहा। शुरुआती बातचीत के दौर में ही दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप मढ़ने लगे। माहौल इतना खराब हो गया कि, पत्नी और उसकी मां ने दामाद की पहले लात घूंसों से उसके बाद डंडों से पिटाई शुरू कर दी। बीच बराव में दामाद के छोटे भाई को भी कुछ लात घूंसे लगे, और वह मौके से फरार हो गया। जबकि मां बेटी ने मिलकर दामाद जी! की खूब कस कर आवभगत की, जिससे उसके कपड़े भी फट गए।
वह जान बचाने के लिए चिल्लाने लगा, तब तक गांव वालों ने पहुंच कर भीड़ लगा दी। किसी तरह दामाद जी! जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहा, और उसने थाने में जाकर सास और पत्नी के विरुद्ध शिकायती पत्र देकर कार्यवाही की मांग की है। वहीं थोड़ी देर बाद दामाद और उसके भाई के थाने पहुंचने की सूचना मिलते ही सास और पत्नी भी प्रार्थना पत्र लेकर थाने पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के शिकायती पत्र लेकर पहले तो समझाने बुझाने की कोशिश की। लेकिन दोनों के अपनी अपनी बात पर अड़े रहने पर पुलिस ने कल शुक्रवार को अपने घर के बुजुर्गों को साथ लेकर थाने आने की हिदायत दे दी है।

0 टिप्पणियाँ