महराजगंज/रायबरेली: विगत मंगलवार को अतरेहटा की ग्राम प्रधान उर्मिला यादव के पुत्र व उनके प्रतिनिधि अभिषेक यादव द्वारा गांव के ही रहने वाले उमेश गुप्ता पुत्र सुंदर लाल गुप्ता के विरुद्ध यह आरोप लगाए जाने पर कि, उन्होंने श्रम विभाग से लोगों को साइकिल व अन्य सुविधाएं दिलाए जाने के लिए गरीब जनता से 50 से ₹100 ऐठ कर फर्जी रजिस्ट्रेशन करने का जो आरोप लगाया गया था, उसी के जवाब में उमेश गुप्ता स्वयं मीडिया के सामने आए, और प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक यादव द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।
आपको बता दें कि, उमेश गुप्ता ने यहां तक दावा कर दिया है कि, अभिषेक यादव द्वारा लगाया गया आरोप यदि 1 फ़ीसदी भी सही साबित हो जाए, तो वह बड़ी से बड़ी सजा भुगतने को तैयार हैं। उल्टे उन्होंने प्रधान प्रतिनिधि द्वारा लगाए गए आरोपों को दुराग्रह से प्रेरित बताते हुए कहा कि, आगामी ग्राम प्रधानी के चुनाव को देखते हुए उन्होंने मेरे बारे में यह अनर्गल आरोप लगाया है। अभिषेक यादव को शंका है कि, कहीं मैं खुद ना दावेदार हो जाऊं।
उमेश गुप्ता ने यह भी चेतावनी दी है कि, भविष्य में यदि अभिषेक यादव द्वारा उनके ऊपर इस प्रकार का कोई दुर्भावना बस असत्य और मिथ्या लांछन लगाया गया, तो वह चुप नहीं बैठेंगे। मामले को कानूनी रूप से अदालत ले जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि, एक बार उनको ब्रेन हेमरेज हो चुका है, अगर किसी अनर्गल आक्षेप लगाए जाने के बाद उनके स्वास्थ्य को जो भी नुकसान होता है, तो उसके लिए ऐसे लोग ही जिम्मेदार माने जाने चाहिए।उन्होंने पुनः दोहराया कि, वह मीडिया का सम्मान करते हैं, मीडिया के माध्यम से अभिषेक यादव को आगाह करते हैं कि, अपने गलत आरोपों के लिए वह खंडन करें, अन्यथा बाध्य होकर उन्हें कानून की शरण लेनी पड़ेगी।

0 टिप्पणियाँ