रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: थाना कोतवाली के असनी गांव में बगैर किसी अनुमति के ग्राम समाज की जमीन से अवैध खनन कर बड़ी तादाद में मिट्टी की खुदाई कर मिट्टी उठा ले जाने के मामले में उप जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने हल्का लेखपाल द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
आपको बता दें कि, अवैध खनन की शिकायत मिलने पर उप जिलाधिकारी सविता यादव द्वारा मामले की जांच के लिए क्षेत्रीय लेखपाल ओम प्रकाश वर्मा और राजस्व निरीक्षक श्रीकांत पांडेय द्वारा मौके की जांच की गई, तो लेखपाल ने पाया कि, ग्राम समाज की ऊसर दर्ज गाटा संख्या 918 रकबा 0.1598 भूमि में से 256 घन मीटर मिट्टी की अवैध खुदाई नाजायज तरीके से रहमत अली पुत्र लियाकत अली निवासी ग्राम असनी थाना महराजगंज द्वारा विगत 29 जनवरी 2021 की रात कर ली गई है। जिससे ग्राम समाज को भारी नुकसान हुआ है।
लेखपाल ने यह भी बताया है कि, रहमत अली ने यह मिट्टी ट्रालियों के द्वारा अपने पिता लियाकत अली पुत्र रमजान अली आदि की जमीन पर गिराई गई थी। जबकि हल्का लेखपाल और राजस्व निरीक्षक द्वारा रहमत अली को रोका भी गया था।
मामले में लेखपाल और राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट मिलने के बाद नायब तहसीलदार अभिजीत गौरव की संस्तुति पर क्षेत्रीय लेखपाल ने रहमत अली पुत्र लियाकत अली के विरुद्ध धारा 2/3 लोक संपत्ति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कोतवाल शरद कुमार का कहना है कि, मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। अब अग्रिम कार्यवाही पुलिस द्वारा की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ