विकास के 4 वर्ष की उपलब्धियों के महत्वपूर्ण आयोजन में कई प्रमुख विभागों के गायब रहे नुमाइंदे।। Raebareli news ।।

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: बछरावां विधायक राम नरेश रावत ने कहा है कि, योगी सरकार में 4 वर्ष का अपना कार्यकाल पूरा किया है। यह 4 साल इतिहास के पन्नों में विकास और सृजन के स्वर्णिम कार्यकाल के रूप में जाने जाएंगे। उन्होंने कहा कि, 4 वर्ष पूर्व जब योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सत्ता संभाली थी, तो पूरा प्रदेश जहां अराजकता की भेंट चढ़ चुका था, विकास योजनाएं ठप पड़ी थी, कानून और व्यवस्था की स्थिति बदतर थी, नहरों में पानी नहीं था, बिजली का अता पता नहीं रहता था, बेरोजगारी चरम पर थी, सड़कें खस्ताहाल थी, चारों ओर त्राहि-त्राहि मची हुई थी, लेकिन जनता जनार्दन के आशीर्वाद से योगी ने सत्ता संभाली, तो उसके बाद से पीछे मुड़कर नहीं देखा। 4 साल में ही बदहाल उत्तर प्रदेश को खुशहाल उत्तर प्रदेश में तब्दील कर दिया है।


   आपको बता दें कि, महराजगंज के ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक राम नरेश रावत ने कहा कि, विगत 4 वर्षों में योगी सरकार द्वारा प्रदेश भर में गड्ढा मुक्त सड़कों का अभियान सफलतापूर्वक किया गया। कानून व्यवस्था की स्थिति काफी बेहतर हो गई। गुंडे लफंगे या तो जेलों में पहुंचा दिए गए, या फिर प्रदेश छोड़कर भाग गए। महिलाओं की बेहतरी के लिए नारी सम्मान और सुरक्षा के लिए इस सरकार ने बेहतर काम करके रिकॉर्ड कायम कर दिया। वहीं चिकित्सा व्यवस्था बेहतर हुई। गोवंशों के कत्लेआम पर पूर्ण प्रतिबंध लगाकर गोवंशों को संरक्षित करने के लिए गौशालाओं का निर्माण करवाया गया। 


  सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि, कोविड-19 की महामारी पर उत्तर प्रदेश जैसे विशाल राज्य में अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से चमत्कारी ढंग से नियंत्रण पा लिया गया। सरकार ने रोजगार सृजन के मामले में भी नई ऊंचाइयां हासिल की। समाज में सद्भाव दंगा रहित प्रदेश, उत्तर प्रदेश की पहचान बन गई है, और विकास के रथ का पहिया अब रुकने वाला नहीं है। सरकार के संकल्प पत्र को 5 वर्षो के अंदर शत प्रतिशत पूरा करके यह दिखा दिया जाएगा कि, ईमानदारी और लगन के साथ जन सेवा का भाव अगर किसी में है, तो वह योगी सरकार के अंदर है।


   कार्यक्रम में विधायक ने कई सड़कों का लोकार्पण, केंद्रीय विद्यालय और कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में आरो प्लांट की स्थापना का लोकार्पण भी किया गया। विभिन्न विभागों के उन कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने कर्तव्य निर्वहन में सराहनीय योगदान दिया है।

     कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजाराम त्यागी ने कहा कि, योगी सरकार ने यह साबित कर दिया है कि, हमारी कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है, और हम राजनीति शासन करने के लिए नहीं बल्कि आम जनता की सेवा के लिए करते हैं। उन्होंने कहा कि, पूरा प्रदेश ही नहीं पूरा देश योगी की कर्मठता ईमानदारी न्याय प्रियता और शासन संचालन की कला का लोहा मान रहा है।


  इसी क्रम में एसडीएम सविता यादव ने कहा कि, शासन ने जो भी निर्देश दिए, प्रशासन ने बड़ी ही कुशलता के साथ धरातल पर उसको निश्चित समय सीमा के अंदर पूरा करके सरकार की मंशा अनुरूप काम किया है। उन्होंने अधीनस्थों को हिदायत दी कि, सरकार के सभी आदेश और निर्देश का कुशलता से पालन करें, और सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारे।


    कार्यक्रम में वीडियो प्रवीण कुमार, निवर्तमान प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य व भाजपा नेता प्रभात साहू, अधिशासी अधिकारी डॉक्टर राजेश कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ एके कनौजिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रकाश वर्मा के अलावा सभी सभासद और ग्राम पंचायत अधिकारी भी मौजूद रहे।


    इसके अलावा आश्चर्य की बात यह रही कि, विकास के 4 वर्ष की उपलब्धियों के महत्वपूर्ण आयोजन में कई प्रमुख विभागों विद्युत, लोक निर्माण, शिक्षा, प्राथमिक शिक्षा, सिंचाई, नलकूप, चिकित्सा, पुलिस, सहकारिता, श्रम आदि विभागों का कोई भी नुमाइंदा मौजूद नहीं रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ