रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: विद्युत बिल भुगतान एकमुश्त समाधान योजना के तहत आगामी रविवार को भी रायबरेली जिले के सभी विद्युत उप केंद्र व विद्युत विभाग द्वारा चयनित सहज जनसेवा केंद्र खुले रहेंगे। जिसमें उपभोक्ता जाकर ओटीएस की प्रक्रिया के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकता है। यह जानकारी रायबरेली जिले के विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता इंजीनियर विकास कपूर ने दूरभाष पर पत्रकारों को दी है।
आपको बता दें कि, मध्यांचल विद्युत निगम के आदेश पर विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों द्वारा 1 मार्च से 15 मार्च 2021 तक एकमुश्त समाधान योजना लागू की गई है, जिसके तहत ओटीएस का भुगतान बहुत तेजी से चल रहा है, तथा ओटीएस कराने के बाद बचे हुए विद्युत बिल का भुगतान 31 मार्च तक करना निश्चित किया गया है। जिसके तहत 14 मार्च दिन रविवार को भी उपभोक्ताओं को ओटीएस कराने हेतु विद्युत विभाग के सभी कार्यालय खुले रहेंगे। जिसमें उपभोक्ता पहुंचकर ओटीएस करा कर एकमुश्त समाधान योजना का लाभ उठाएं।
अधिशासी अभियंता जयसिंह ने बताया कि, उपभोक्ताओं की समस्या के दृष्टिगत एकमुश्त समाधान योजना के तहत आगामी रविवार को भी ओटीएस हेतु विद्युत विभाग के कार्यालय खुले रहेंगे। जिसमें लाभार्थी ओटीएस करा सकते हैं, श्री सिंह ने यह भी कहा कि, ओटीएस की अंतिम तिथि 15 मार्च है, और एकमुश्त समाधान योजना के तहत संपूर्ण बिल जमा करने की तिथि 31 मार्च है। इस योजना का लाभ प्रत्येक घरेलू व नलकूप उपभोक्ता उठा सकता है।

0 टिप्पणियाँ