44 मेजो पर पूरे विकासखंड की होगी मतगणना।। Raebareli news ।।

 

मतगणना के लिए तैयार हो रहा है दयानंद महाविद्यालय।

रजनीकांत अवस्थी

बछरावां/रायबरेली: विगत 15 अप्रैल को प्रथम चरण में बछरावां विकासखंड की ग्राम सभाओं की त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए हुए मतदान की गणना 2 मई को दयानंद महाविद्यालय बछरावां में संपन्न होगी। इसके लिए प्रशासन द्वारा जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पर्याप्त मात्रा में बल्लीया लगाकर मतगणना अधिकारियों व गणना अभिकर्ताओं के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।


   आपको बता दें कि, प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले प्रत्याशियों व मतगणना अभिकर्ताओं के लिए कोविड-19 की जांच आवश्यक थी, जिसको लेकर कई दिन अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा जांच किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध ना होने के कारण डॉक्टरों ने भी हाथ खड़े कर दिए थे। परंतु 28 अप्रैल को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जारी एक आदेश के तहत कोविड जांच की अनिवार्यता खत्म कर दी गई, और आदेशित किया गया कि, जांच के लिए घटनास्थल पर ही पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद प्रत्याशियों ने राहत की सांस ली।


    अब प्रत्याशियों पूरा ध्यान विकासखंड में संबंधित काउंटरों पर परिचय पत्र बनवाने की ओर चला गया। एक पखवाड़े के बाद विकासखंड परिसर में फिर से चहल-पहल दिखाई पड़ी। एआरओ नूर आलम ने बताया कि, पूरे विकासखंड की मतगणना के लिए 44 मेजों की व्यवस्था की गई है। जिन न्याय पंचायतों में ज्यादा ग्राम सभाएं हैं, उनके लिए अधिक मेज आरक्षित की जाएंगी, और जो न्याय पंचायते छोटी है, उनके लिए कम मेजें लगाई जाएंगी, ताकि एक साथ ही पूरी गणना संपन्न कराई जा सके। वहीं एडीओ पंचायत अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि, मतगणना स्थल पर कोविड-19 के नियमों का पूरा पालन कराया जाएगा। प्रत्येक प्रत्याशी व उसके अभिकर्ता मास्क का प्रयोग करें तथा सेनीटाइजर का उपयोग करने में कोई कोताही न करें, अगर किसी के द्वारा सामाजिक दूरी व मास्क आदि का अनुपालन नहीं किया जाएगा, तो उसे मतगणना स्थल से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ