मांड्या/कर्नाटक: कोरोना की दूसरी लहर ने न जाने कितने घरों को उजाड़ दिया, और न जाने कितने ही बच्चों को अनाथ कर दिया। ऐसी खबरें अक्सर परेशान करने वाली होती हैं। एक ऐसी ही खबर कर्नाटक से है, जहां महज 10 दिन की बच्ची ने अपने माता-पिता को कोरोना के आगे खो दिया है। दोनों की मौत हो गई है, और बच्ची अनाथ हो गई।
आपको बता दें कि, कर्नाटक के मांड्या जिले में जन्मी इस बच्ची ने अपने माता-पिता को हमेशा के लिए खो दिया है। एक तरफ पिता की मौत बच्ची के जन्म से पांच दिन पहले ही हो गई थी, वहीं मां का निधन भी बेटी की डिलीवरी के पांच दिन बाद हो गया। दोनों कोरोना से जंग लड़ रहे थे, लेकिन देखते ही देखते वे इस दुनिया को अलविदा कह गए, और एक मासूम बच्ची हमेशा के लिए अनाथ हो गई।
दोनों माता-पिता की कोरोना से मौत की जानकारी मिली है कि, इस बच्ची का जन्म भी पूरे 9 साल बाद हुआ है, माता-पिता की तरफ से काफी पूजा-पाठ किया गया था, भगवान से प्रार्थना हुई थी, और तब जाकर उनके घर एक बच्ची की किलकारी गूंजी थी। लेकिन इस किलकारी को सुनने के लिए ना पिता जीवित हैं और ना ही मां। ऐसे में अब उस बच्ची के भविष्य को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। जैसे उसे कौन गोद लेगा, ये सवाल भी सामने आ रहा है। अब कहा गया है कि, बच्ची के रिश्तेदार ही उसे गोद लेने को तैयार हैं। बच्ची की मां के जो भाई हैं, उन्होंने गोद लेने का फैसला किया है। उनके अपने दो बच्चे पहले से हैं, लेकिन वे नए मेहमान का दिल खोलकर स्वागत करने को तैयार हैं। ऐसे में बच्ची अनाथ जरूर हुई है, लेकिन उसे अपनी जिंदगी का नया सहारा मिल गया है।

0 टिप्पणियाँ