लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के भानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक महिला पति का शव घर ले जाने के लिए अपनों के सहयोग और वाहन के इंतजार में पांच घंटे तक बेबश बैठी रही।
आपको बता दें कि, कोरोना के भय से लोग सहयोग करने से कतराते रहे। अस्पताल से शव घर ले जाने के लिए कोई वाहन चालक भी तैयार नहीं हो रहा था। बाद में स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को एक वाहन से बैड़वा समय माता मंदिर के पास घाट पर ले जाया गया, जहां जेसीबी से गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक सप्ताह भर पूर्व बाहर से आया था। तभी से उसकी तबीयत खराब थी। लेकिन उसने अपनी जांच नहीं कराई। शुक्रवार की सुबह हालत ज्यादा खराब होने पर महिला अपने पति को एंबुलेंस से लेकर सीएचसी पहुंची। जहां हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जब तक जिला अस्पताल ले जाने के लिए कोई साधन पहुंचता। उससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
परिवार में कोई और पुरूष सदस्य मौके पर मौजूद न होने के चलते महिला को लोगों की मदद और वाहन के लिए पांच घंटे इंतजार करना पड़ा। सीएसची अधीक्षक डॉ0 सचिन कुमार चौधरी ने बताया कि, घटना की जानकारी होते ही प्रशासन को अवगत करा दिया गया था।

0 टिप्पणियाँ