विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों पर चला एसपी श्लोक कुमार का चाबुक मचा हड़कंप।। Raebareli news ।।

◆जगतपुर थाने का दरोगा लाइन हाजिर लालगंज कस्बा चौकी इंचार्ज सस्पेंड।

रजनीकांत अवस्थी (ब्यूरो)

लालगंज/रायबरेली: पुलिस विभाग में भ्रष्ट और लापरवाही बरतने वालों पर एसपी श्लोक कुमार का चाबुक चलते ही हड़कंप मच गया। जहां एक तरफ ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर लालगंज कस्बा चौकी प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया है, तो वहीं जगतपुर थाने में तैनात दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। चौकी प्रभारी पर लॉकडाउन के दौरान दुकान खुलवाने के नाम पर व्यापारियों से अवैध वसूली का आरोप है, जबकि दरोगा के खिलाफ वीडीओ समेत दो लोगों की मौत के मामले की जांच करने में लापरवाही उजागर हुई थी। शिकायतें मिलने पर एसपी श्लोक कुमार ने जांच कराई तो, मामला सही पाया गया। इस पर एसपी ने दंडात्मक कार्रवाई की है।

    आपको बता दें कि, व्यापारियों ने शिकायत दर्ज करायी थी कि, लॉकडाउन के दौरान दुकानें खोलने के नाम पर लालगंज कस्बा चौकी इंचार्ज महेश यादव व्यापारियों से धन उगाही कर रहे थे। एसपी श्लोक कुमार ने इस प्रकरण की जांच कराई तो, मामला सही पाया गया। इस पर बुधवार को चौकी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। अभी किसी नए चौकी प्रभारी की तैनाती नहीं हुई है। 

इसी तरह जगतपुर क्षेत्र में नवाबगंज के पास इसौर ड्रेन के पुल पर बीते दिनों कार के टकराने से ग्राम विकास अधिकारी धर्मेद्र देव सिंह समेत दो लोगों की मौत हो गई थी। थाने में तैनात दरोगा प्रिंस सोनकर ने दुर्घटनाग्रस्त कार थाने में नहीं खड़ी कराई। इससे गाड़ी के पहिये चोरी हो गए थे। पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत एसपी से की थी। एसपी श्लोक कुमार का कहना है कि, कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर लालगंज कस्बा चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया है, जबकि जगतपुर थाने में दरोगा प्रिंस सोनकर को लाइन हाजिर किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ