◆पहली बार आजमाया हाथ, बंध गया जीत का सेहरा।
◆सभी का कहना विकास कराना पहली प्राथमिकता
रजनीकांत अवस्थी
डलमऊ/रायबरेली: ब्लॉक क्षेत्र की पंचायत चुनाव की मतगणना पूरी हो गई है। इस बार ऐसे युवा उम्मीदवार सामने आए हैं, जिन्होंने पहली बार चुनाव में हाथ आजमाया और उनके सिर जीत का सेहरा बंधा।
आपको बता दें कि, इन प्रत्याशियों का कहना है कि, विकास कराना हम सबकी पहली प्राथमिकता है। ग्राम पंचायत रौसी से सबसे कम उम्र की शमीम बानो (21) ने गांव की प्रधानी अपने नाम की है। स्नातक फाइनल वर्ष की पढ़ाई कर रही शमीम बानो गांव को साथ लेकर विकास करेंगी। शमीम बानो के पिताजी गांव में सिलाई की एक दुकान चलाते हैं। शमीम बानो कहती हैं कि, ग्राम सभा में पिछड़ी जाति महिला की सीट होने के कारण मन में गांव के विकास करने का उद्देश्य रखते हुए चुनाव मैदान में उतर कर ग्राम सभा के मतदाताओं का सहयोग प्राप्त करते हुए जीत हासिल की। ग्रामीणों के इस सहयोग को निरर्थक नहीं जाने देंगे। गांव का चहुंमुखी विकास कराएंगे।
वहीं ग्राम पंचायत नरहरपुर में एक प्राइवेट अध्यापक की बेटी शिवानी ने ग्राम प्रधान पद का चुनाव जीतकर सबको चौंका दिया। स्नातक तक की पढ़ाई कर चुकी शिवानी का कहना है कि इस बार पंचायत चुनाव में जब ग्राम प्रधान की सीट अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित हुई तो उनके मन में यह प्रेरणा जगी कि क्यों ना प्रधान का चुनाव लड़ कर गांव का विकास किया जाए। यही जज्बा लेकर जब वह लोगों के बीच पहुंची तो उसकी होनहार प्रतिभा को देखकर लोगों ने उसका भरपूर समर्थन किया।
नरसवां ग्राम सभा में रचना पटेल ने प्रधानी जीत कर घर की दहलीज लांघकर ग्राम सभा का संपूर्ण विकास करने का जज्बा संजोए हुए हैं। पति जितेन पटेल एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक के तौर पर कार्यरत हैं। रचना कहती हैं कि ग्राम सभा के मतदाताओं की उम्मीदों पर हम खरे उतरेंगे और गांव का चौतरफा विकास कराएंगे। ग्राम पंचायत छज्जूपुर से मजदूरी करके अपना जीवन यापन करने वाली ज्ञानवती ने प्रधान पद का चुनाव जीत करके सभी को चौंका दिया। परिवार की माली हालत ठीक नहीं है। किसी तरीके से मजदूरी करके ज्ञानवती के पति लाल बहादुर परिवार का जीवन यापन करते हैं, लेकिन अब उनके कंधों पर गांव की विकास की जिम्मेदारी आ गई है। सेंदूरामऊ में चुनाव में कांटे की टक्कर देखने को मिली। इसी तरह अन्य दावेदार हैं, जिन्होंने पहली बार में ही प्रधानी का चुनाव जीत करके गांव सरकार में नई राजनीति की तस्वीर पेश की।
इनसेट......
◆दो मतों से हार-जीत का हुआ फैसला: डलमऊ: ग्राम पंचायत सेंदरामऊ में प्रधान पद के चुनाव में कांटे का मुकाबला रहा। दो प्रत्याशियों के बीच अंत तक लड़ाई लड़ी। अंत में अरविंद कुमार ने महज दो जीतों से जीत हासिल करके सीट पर कब्जा कर लिया। इसको लेकर काफी देर तक अफरातफरी रही। जीतने पर अरविंद ने खुशी का इजहार किया।

0 टिप्पणियाँ