◆अभियान के तहत रायबरेली के 32 गांवों में बन चुकी है, कोविड हेल्प टीम।
◆प्रसून के ट्यूट पर कुमार विश्वास ने ट्विटर कर सोनू से मांगी थी मदद।
रजनीकांत अवस्थी
रायबरेली: कोरोना पॉजिटिव होने के बाद संक्रमण को मात देकर लौटे राजधानी के व्यंग्यकार व कवि पंकज प्रसून ने अपने साथियों के साथ मिलकर ‘आओ गांव बचाएं’ मुहिम शुरू की है।
इसके तहत रायबरेली के ग्रामीण इलाकों में दवाएं, ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर निशुल्क उपलब्ध कराने के साथ ही इलाज की सुविधाएं मुहैया कराई जानी हैं। ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की कमी के चलते इसे मुहैया कराने को लेकर उन्होंने मशहूर कवि डॉ0 कुमार विश्वास को ट्वीट किया, जिसे कुमार विश्वास से रिट्वीट करते हुए अभिनेता सोनू सूद से मदद को कहा। आपको बता दें कि, तुरंत बाद सोनू सूद की तरफ से ट्वीट कर कहा गया कि, समझो पहुंच गया, बस आप पता भेजिए। पंकज प्रसून ने बताया कि, तीन दिन के भीतर तीन ऑक्सीजन कंसंट्रेटर सोनू सूद की तरफ से भेजे जा रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को काफी मदद मिल जाएगी। उन्होंने कुमार विश्वास और सोनू सूद का इस मदद के लिए शुक्रिया अदा करते हुए बताया कि, शुरुआती दौर में रायबरेली की छह ग्राम सभाओं के अंतर्गत करीब 32 गांवों का चुनाव कर आओ गांव बचाओ मुहिम के तहत टीम कोविड हेल्प का गठन किया गया है। गांवों के स्कूलों और पंचायत भवनों में सेंटर बनाए गए हैं। जल्द ही यहीं से मरीजों को दवाएं व अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। फिलहाल घर-घर जाकर मरीजों को कोरोना किट बांटी जा रही है। अभी तक रायबरेली के सहजौरा, लोहड़ा, रौला, डोमापुर, मुस्तफाबाद बेलहनी, मऊ गर्वी, गोविंदपुर, मेरुई ग्राम पंचायतों को जोड़ा जा चुका है। इस मुहिम से लखनऊ के प्रतिष्ठित चिकित्सकों को भी जोड़ा गया है। जिसमें एसजीपीजीआई के डॉ0 ज्ञानचंद, एनबीआरआई के वैज्ञानिक डॉ0 सीएस ओझा और डॉ0 दीनानाथ मरीजों को सलाह देंगे। 17 कोविड मरीजों को उपलब्ध कराया प्लाज्मा: पंकज प्रसून ने बताया कि, वे गत 7 अप्रैल को कोविड पॉजिटिव हो गए थे। इसके बाद लखनऊ में लोगों को प्लाज्मा उपलब्ध कराने में जुट गए। उन्होंने बताया कि, उन्होंने अब तक 17 कोविड मरीजों को प्लाज्मा उपलब्ध कराया है।




0 टिप्पणियाँ