रायबरेली: के सलोन से भाजपा के विधायक रहे दल बहादुर कोरी के निधन पर केंद्रीय मंत्री व अमेठी सांसद स्मृति ईरानी ने उनके घर पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं, और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही उन्होंने सलोन विधानसभा के सभी मण्डल अध्यक्षों को फोन कर अपने- अपने क्षेत्र में श्रद्धांजलि देकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की बात कही। केंद्रीय मंत्री ने विधायक के परिजनों से कहा कि, वे हर सुख-दुख में उनके साथ हैं। इस दौरान उनके साथ भाजपा के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आपको बता दें कि, दल बहादुर कोरी तीन बार विधायक और एक बार समाज कल्याण राज्य मंत्री रह चुके थे। गुरुवार की देर रात लखनऊ के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया। इलाज के बाद में ठीक हो गए थे, लेकिन इसके बाद उनकी हालत सुधरने के बजाय बिगड़ती गई। संघर्षशील व्यक्तित्व के धनी दल बहादुर कोरी ने अपने जीवन का सफर मजदूरी और फिर राजमिस्त्री से लेकर विधायक तक पूरा किया। वह सर्व समाज के बीच काफी लोकप्रिय रहे। दल बहादुर कोरी से पहले औरेया से भाजपा विधायक रमेश दिवाकर, लखनऊ पश्चिम से सुरेश श्रीवास्तव, बरेली के नवाबगंज से केसर सिंह गंगवार का निधन हो चुका है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि, इस मुश्किल वक्त में वह परिजनों के दुख में शामिल हैं, और हरसंभव उनकी सहायता करेंगी।

0 टिप्पणियाँ