रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: कोतवाली क्षेत्र एक गांव के रहने वाले युवक की चार महीने पूर्व गुरग्राम (हरियाणा) में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मृतक की मां ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर अपनी बहू समेत अन्य चार पर जहर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित पांच लोगों के विरुद्ध जहर देकर हत्या करने का केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि, पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के कैर गांव का रहना वाला राजबहादुर पुत्र लाल बहादुर गुरुग्राम (हरियाणा) में पत्नी साधना के साथ रहकर मेहनत मजदूरी करता था, बीती 27 अप्रैल को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जिसके बाद उसका शव गांव लाया गया था। यहां कोतवाली पुलिस द्वारा उसका पोस्टमार्टम कराया गया था, जिसमें मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ था।
अब मामले में नया मोड़ आ गया है, मृतक की मां जसोदा ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देते हुए कहा कि, उसके पुत्र राजबहादुर को उसकी पत्नी साधना पुत्री नन्हा निवासी ग्राम ढोढरी चौहनिया थाना हरचंदपुर ने बृजेश कुमार, सुनील कुमार, शिवा, दुख्खी, निवासी अज्ञात के साथ मिलकर उसके बेटे को जहर देकर मार डाला गया है।
कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि, न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मृतक की पत्नी समेत पांच के विरुद्ध जहर देकर हत्या किए जाने का केस दर्ज कर लिया गया है। टीम गठित कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।

0 टिप्पणियाँ