नहीं देखा होगा ऐसा विशाल भंडारा: 20 हजार लोगों के खाने की व्‍यवस्‍था, 20 हलवाइयों ने देसी घी, रिफाइंड और सरसों तेल में बनाई प्रसादी

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: रायबरेली सांस्‍कृतिक रूप से समृद्ध जिला है। हमारे जिले में संस्‍कृति और परंपरा गंगाजमुनी पाई जाती हैं, जो अपने आप में अद्भुत हैं, और कहीं ऐसा देखने को नहीं मिलता है। भंडारा भी हमारी सांस्‍कृतिक विरासत की ही देन है। इसमें निस्‍वार्थ भाव से भोजन कराया जाता है। महराजगंज ब्लाक के मऊ गांव में एक ऐसा ही भंडारा चर्चा का विषय बना हुआ है। विगत वर्षों की तरह इस बार भी इस भंडारे में 20 हजार लोगों के खाने की व्‍यवस्‍था की गई। लोगों को दी जाने वाली प्रसादी 20 हलवाइयों ने देसी घी और रिफाइंड में बनाया।

     आपको बता दें कि, महराजगंज तहसील मुख्यालय से लगभग 9 किलोमीटर पर स्थित मऊ गांव के बाजार चंद्र मूलगंज में सुप्रसिद्ध प्राचीन शिव मंदिर ऊंचेश्वर महादेव परिसर में श्री शिव शक्ति कांवड़िया संघ द्वारा बाबा बैजनाथ धाम के दर्शनोंपरांत कल यानी 15 सितंबर दिन रविवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। भंडारे में क्षेत्र ही नहीं अपितु आसपास के जिलों बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, लखनऊ, कानपुर से बड़ी संख्या में कांवड़िया शिव भक्त, श्रद्धालु पंगत प्रसादी ग्रहण करेगें।

     रविवार की सुबह हवन पूजन धार्मिक अनुष्ठान के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। महाभोज में 20 हजार से ज्‍यादा लोगों के लिए प्रसादी की व्‍यवस्‍था की गई है। तकरीबन 20 हलवाई प्रसादी तैयार करने में लगे हुए हैं। आज शनिवार की शाम 6:00 बजे से ही प्रसादी बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके बाद से लगातार भोजन तैयार किया जा रहा रहा है।

     श्री शिव शक्ति कांवरिया संघ मऊ के कुंवारे सेठ, विनोद सोनी, पवन प्रजापति, शिवचंद्र सोनी, ब्रजेश कश्यप, सुमिरन कश्यप आदि के सानिध्य में आगामी रविवार को हवन पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। श्री शक्ति कांवरिया संघ मऊ भक्त मंडल सहित आयोजन समिति के सदस्य भंडारे की व्यवस्था में पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं।

      श्री शक्ति कांवड़िया संघ के विनोद सोनी ने बताया कि, भंडारे के लिए करीब 15 क्विंटल आटे से 15 भट्टियों पर पुए (पूड़ी) और 5 भट्टी पर सब्जी की प्रसादी तैयार की जा रही है। भंडारे में शुद्ध देसी घी, रिफाइंड तथा सरसों के तेल से प्रसादी तैयार की जा रही है। भंडारे में देसी घी, सरसों का तेल और आटे के साथ 450 किलो रिफाइंड, 15 कुंतल कद्दू, 15 बोरी चीनी, 12 कुंटल आलू और एक कुंटल बेसन का इस्‍तेमाल किया गया है।

     भक्त मंडल कुंवारे सेठ ने बताया कि, इस अवसर पर सुविख्यात ऊंचेश्वर महादेव मंदिर में छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। भंडारा रविवार सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जो देर रात तक चलता रहेगा। दूसरी तरफ, प्रसादी के लिए मऊ समेत आसपास के क्षेत्र में आमंत्रण भेजा जा चुका है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ