मुख्य विकास अधिकारी ने सुनी जनता की फरियाद, संपूर्ण समाधान दिवस महराजगंज में चर्चा का विषय रहा सलेथू गांव का कूड़ा-कचरे का ढेर मामला

रजनीकांत अवस्थी

महराजगंज/रायबरेली: शनिवार को कार्तिक पूर्णिमा का अवकाश होने के कारण महराजगंज तहसील का संपूर्ण समाधान दिवस नहीं हो सका था, जिसके चलते आज 18 नवंबर 2024 दिन सोमवार को महराजगंज तहसील का संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी आर0पी0 उपाध्याय ने जनता की फरियाद सुनी। मुख्य विकास अधिकारी ने प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्व निस्तारण के लिए राजस्व विभाग सहित अन्य सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है। 

     आपको बता दें कि, मुख्य विकास अधिकारी आर0पी0 उपाध्याय ने कहा कि, अधिकारीगण सम्बंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जा कर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए उसका निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि, फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है, इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही पाये जाने अथवा सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी द्वारा ससमय संज्ञान न लेने को गम्भीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।

      संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि, कार्याे में ढिलाई कदापि न बरती जाये, सभी लाभार्थीपरक योजनाएं जैसे-वृद्धावस्था पेंशन, निर्विवाद वरासत और कागजात दुरूस्ती आदि के मामल कोे तत्काल सुलझाने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिये गये। उन्होंने कहा कि, कोई भी गरीब व्यक्ति किसी कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहने पाये। लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों का शत-प्रतिशत आधार सीडिंग का कार्य करा लिया जाए।

     महराजगंज तहसील में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 30 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये, जिसमें से 04 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारित कर शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित अधिकारियों को हस्थांतरित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने एक सप्ताह के अन्दर निस्तारण करने के निर्देश दिये। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिया कि, एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों में निस्तारण में विलम्ब के कारण का भी उल्लेख किया जाय, साथ ही सभी प्रकरणों को अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करा दिया जाय।

      उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि, प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्यवाही की जाय। यह सुनिश्चित कराया जाय कि, पीडितों को न्याय मिले। पुलिस अधिकारीगण प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार त्वरित कार्यवाही कराना सुनिश्चित करें।

     महराजगंज तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 30 मामले आए, जिसमें राजस्व विभाग से संबंधित 14, पुलिस से संबंधित 03, विकास से संबंधित 05 तथा अन्य 08 मामले रहे, जिसमें से 04 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके अलावा महिला कल्याण विभाग द्वारा महिला हेल्प वन स्टॉप वन सेंटर (सखी) का इंस्टॉल लगाया गया, जिसकी अध्यक्षता वरुण देव शर्मा वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक, डॉक्टर समीना, डॉ मधु त्रिपाठी के अलावा राष्ट्रीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय महराजगंज द्वारा भी इंस्टॉल लगाया गया था जिसमें आए हुए मरीजों को मुफ्त दबाए वितरित की गई। इसकी अध्यक्षता डॉक्टर सुनील कुमार एवं फार्मासिस्ट अशोक कुमार कर रहे थे।

     आज सोमवार के संपूर्ण समाधान दिवस में एक ऐसा भी मामला आया जो बार-बार संपूर्ण समाधान दिवस के चक्कर काट रहा है और अभी तक यह मामला निस्तारित नहीं हो पाया है। सलेथू गांव की रहने वाली राखी तिवारी ने शिकायती पत्र देते हुए कहा है कि, गांव के ही ब्रह्म दत्त मिश्रा पुत्र देवदत्त मिश्रा ने उसके घर के सामने सहन की पड़ी जमीन पर घूरा लगाकर उसमें कूड़ा करकट डालकर गंदगी फैला रहे हैं। उनके मना करने पर भद्दी-भद्दी गालियां देते हैं। कूड़ा कचरा से तरह-तरह की संक्रामक बीमारियां फैल रही है। विपक्षी सरहंग एवं दबंग किस्म का व्यक्ति है। निष्पक्ष जांच करवा कर यदि उनकी शिकायत सही पाई जाए तो आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करते हुए उनके सहन के सामने से कूड़ा कचरा का ढेर हटवाकर वातावरण को संक्रमण मुक्त बनाया जाए। मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने जांच के निर्देश दिए हैं।

     इस मौके पर पीडी डीआरडीए सतीश मिश्रा, एसडीम महराजगंज सचिन यादव, तहसीलदार महाराजगंज ध्रुव कुमार यादव, कोतवाल महराजगंज जगदीश यादव, थाना प्रभारी शिवगढ़ श्याम कुमार पाल, थाना बछरावां उपनिरीक्षक नितिन कुमार, थाना हरचंदपुर एस0के0 सिंह, सीएचसी महराजगंज अधीक्षक डॉक्टर पी0के0 श्रीवास्तव समेत विद्युत विभाग, विकास विभाग, पशु चिकित्सालय विभाग, स्वास्थ्य विभाग समेत जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ