रजनीकांत अवस्थी
महराजगंज/रायबरेली: खराब मौसम और भारी बारिश भी शिव भक्तों का संकल्प नहीं डिगा पाया। आज शिवरात्रि के मौके पर सवेरे से ही शिवालयों में शिव भक्तों विशेषकर महिलाओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली, जो शिवजी को जल चढ़ाने मंदिर पहुंचे थे। सबसे बड़ा हुजूम कस्बे के सुप्रसिद्ध प्राचीन शिवालय दानेश्वर महादेव पर भोर से ही भक्तों और श्रद्धालुओं का ताता लगा रहा। लोग हाथों में जल और नौवेद लेकर शिव जी को प्रसन्न करने के लिए जमे रहे। इनमें महिलाओं की तादाद उल्लेखनीय रही, साथ में युवा और किशोर भी पीछे नहीं रहे।आपको बता दें कि, इसके अलावा क्षेत्र में कैर के ऐतिहासिक और सुप्रसिद्ध प्राचीन मंदिर कैरेश्वर महादेव पर श्री रामचरित मानस का अखंड पाठ के समापन पर हवन पूजन के बाद जलाभिषेक शुरू हुआ, जो शाम तक चलता रहा। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने शंकर जी का जलाभिषेक करके मनोकामनाएं पूरी होने की प्रार्थना की। इसके बाद मेला भी शुरू हुआ, जिसका उद्घाटन ग्राम प्रधान गंगाराम पासी ने किया।
यहां के बारे में लोगों की मान्यता है कि, शिवजी का लिंग स्वयं प्रगट हुआ था। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पंडित बाल किशोर त्रिपाठी, गुड्डू त्रिपाठी, चुन्नीलाल तिवारी, चंद्रिका प्रसाद विश्वकर्मा, संजय तिवारी सहित बड़ी तादाद में लोग व्यवस्था में लगे रहे।
इसी क्रम में पूरे देवांग मजरे अशरफाबाद में नवनिर्मित भव्य लोधेश्वर महादेव पर भी शिव बारात निकालकर शंकर जी का पूजन किया गया। कार्यक्रम में प्रबंधक भगवानदीन कौशल सह प्रबन्धक बेचालाल आदि ने लोगों के द्वारा भंडारा किया गया जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य की प्राप्ति की। इसी क्रम में अटरा के सुप्रसिद्ध शुक्लेश्वर महादेव मंदिर पर भी भारी संख्या में पुरुषों और महिलाओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर आरती और पूजन किया तथा मन्नतें मांगी।
इसके अलावा पाराकला के गौरी शंकर महादेव, राजापुर के प्रसिद्ध शिवालय पर भी भारी भीड़ देखने को मिली। जबकि क्षेत्र के मऊ गर्बी, मऊ सर्की, मुरैनी राजापुर, सीवन, हलोर, मोन, चन्दापुर, बावन बुजुर्ग बल्ला, असनी, थुलवासा, लोधवामऊ, पहरेमऊ, मुल्ली का पुरवा, कुसमहुरा आदि गांव के शिवालयों में शिवभक्त सुबह से ही जलाभिषेक में डटे रहे, खराब मौसम व बरसात का असर कहीं नहीं दिखा।
शिवरात्रि के मौके पर सदस्य राष्ट्रीय परिषद भाजपा राजा राकेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक राजाराम त्यागी, जिला पंचायत सदस्य प्रभात साहू, ब्लाक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह ने नजदीक के शिवालय पहुंचकर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया, उसके उपरांत क्षेत्रवासियों को शिवरात्रि की बधाई तथा शुभकामनाएं दी।
इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उप जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह, तहसीलदार विनोद कुमार सिंह, नायब तहसीलदार आरके वर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र चतुर्वेदी, प्रभारी निरीक्षक महराजगंज अरुण कुमार सिंह, एसआई श्याम चन्द्र यादव, थुलवासा चौकी इंचार्ज विजय प्रताप सिंह, कस्बे में जमुना प्रसाद त्रिपाठी, एसआई विभाकर शुक्ला दल बल के साथ मुस्तैद रहे। पुलिस के द्वारा मंदिरों में सुरक्षा के लिए विशेष रूप से तैनात की गई महिला आरक्षियों की मौजूदगी से महिलाओं में आत्मविश्वास दिखा।
इस मौके पर राम सजीवन मास्टर, अनूप कुमार, सोमनाथ तिवारी सहित क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य मौजूद रहे।








0 टिप्पणियाँ