मिर्जापुर। मण्डल में कोरोना के खिलाफ जंग रामायण के खलनायक रावण से युद्ध की तरह लड़ा जा रहा है । जो जहां है, श्रीराम की तरफ से लड़ता दिख रहा है । युद्ध काल में बड़े आफिसर्स भी पैदल सड़क पर उतरने में संकोच नहीं कर रहे हैं ताकि टीम का हौसला बुलंदी पर रहे ।
IG खुद उतरे सड़क पर
मंडल की अंतरराज्यीय सीमाओं की चेकिंग के साथ गुरुवार को IG श्री पीयूष श्रीवास्तव मुख्यालय की सड़कों और गलियों की तरफ मुड़ गए ।लाकडाउन कहीं से डाउन न हो तो वे पुलिस ऑफिसर से कही अधिक सैन्य स्टाइल में धड़पकड़ करने निकल पड़े । जिधर रुख किए उधर भूकम्प आता दिखा। उनके इस अभियान में 99 सड़कों-गलियों में मटरगस्ती करने वाले धरे गए जिन्हें तत्काल हिरासत में लेकर मुचलके पर छोड़ा गया । इसके अलावा दोपहिया वाहन पर बैठकर तफरी करने वाले एवं 168 वाहन वालों को शिकंजे में लिया । IG श्री श्रीवास्तव के इस छापामारी में महामारी रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग करने पर लोग मजबूर हुए ।पंचायत विभाग में 27 लाख उतरे, DM को दिया
मुख्य विकास अधिकारी श्री अविनाश सिंह मुख्यमंत्री राहत कोष को बढाने के लिए कुबेर बनकर धनवर्षा कराने में लगे हैं। गत दिवस जिला पंचायत की ओर से अध्यक्ष श्रीमती प्रमिला सिंह एवं अपने अधीनस्थ AMA श्री विंध्याचल कुशवाहा के साथ जाकर DM श्री सुशील कुमार पटेल को 50 लाख का चेक दिया। अब तक किसी संस्था द्वारा दी गई यह सबसे बड़ी राशि है लिहाजा फ्रेम में मढ़ाकर यह चेक DM के कक्ष में उनके दाहिने ओर टेबुल पर रखा गया है । गुरुवार को वे फिर DPRO श्री अरविंद कुमार के साथ 27 लाख से ऊपर की राशि दी । इस मौके पर कतिपय ग्राम प्रधान एवं विनोद श्रीवास्तव भी थे ।
IMA की बैठक
प्राइवेट चिकित्सकों के साथ बैठक कर DM श्री पटेल ने मानवीय आधार पर इस संकट की घड़ी में ओपीडी में गरीब मरीजों को देखने के लिए कहा तथा पैथॉलॉजिस्टों से भी कहा कि वे मनमाना फीस न लें ।
सलिल पांडेय, मिर्जापुर।



0 टिप्पणियाँ